बड़गांव (सांचौर)। क्षेत्र के किसानों को पिछले लंबे समय से बिजली आपूर्ति में हो रही गंभीर समस्या ने एक बार फिर आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया है। बड़गांव के गारवाया फील्डर सहित तीन फील्डरों में ट्रांसफार्मर जलने की वजह से किसानों को अब रात्रि में थ्री-फेस विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। इससे आक्रोशित किसानों ने आज सूरजकुंड, बड़गांव में एकत्रित होकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
रात में बिजली, दिन में अंधेरा:
किसानों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण यह स्थिति पिछले काफी समय से बनी हुई है, जिससे किसानों को रात के अंधेरे में सिंचाई करनी पड़ रही है। किसान नेता बाबुसिंह डाभी ने बताया कि पिछले एक साल से किसानों को दिन के समय थ्री-फेस विद्युत आपूर्ति दी जा रही थी, जिससे वे आसानी से सिंचाई कर पाते थे। लेकिन ट्रांसफार्मर जलने की समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है, जिससे उनका दैनिक कार्य और फसलें प्रभावित हो रही हैं।

एक साल से हल नहीं, अब दी चेतावनी:
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। किसान नेता खेतसिंह गोयल और लखमाराम माली ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद उसे बदलने या ठीक करने में इतनी देरी क्यों की जा रही है, जबकि किसानों की फसलें खड़ी हैं और उन्हें पानी की सख्त जरूरत है।
आक्रोशित किसानों ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और दो टूक चेतावनी दी। किसानों ने मांग रखी है कि अगले 5 दिन के भीतर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। यदि 5 दिन में यह समस्या हल नहीं होती है, तो वे एक बड़ा और व्यापक धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
धरने में जुटे सैकड़ों किसान:
किसानों के इस प्रदर्शन में भारी संख्या में किसान एकजुट हुए। इस दौरान किसान नेता हीराराम देवासी, कृष्ण सिंह सोलंकी, हरीश भाई लोहार, लालाराम देवासी, गजे सिंह दहिया, भूप सिंह गोयल, वचनाराम देवासी, जय रुपाराम देवासी, अमृतलाल, अर्जुन सिंह गोयल सहित सैकड़ों किसान मौजूद थे, जिन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां