जालोर | सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
सायला। पुलिस थाना सायला में फर्जी रजिस्ट्री और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने त्वरित अनुसंधान करते हुए प्रकरण में गिरफ्तार 03 अभियुक्तों के कब्जे से 1 करोड़ 45 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि बरामद करने में सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी गौतम चंद लुक्कड़ को पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा के नेतृत्व में गठित टीमों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर, जयपुर और उदयपुर सहित विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी थी। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना गौतम चंद लुक्कड़ पुत्र मांगीलाल जैन (40), निवासी सायला के साथ उसके सहयोगियों दौलतराम पुत्र किशनलाल आचार्य (42), निवासी सायला और विशाल सिंह पुत्र भवानी सिंह राजपूत (51), निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया है।
यह था मामला (पुरानी घटना का सारांश)
प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी विनोद कुमार जैन निवासी सायला ने पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके आशाणा सरहद स्थित खेत को हड़पने के लिए आरोपियों ने एक साजिश रची। अभियुक्त गौतम चंद और उसके साथियों ने एक डमी व्यक्ति (फर्जी मालिक) खड़ा किया और 13 मार्च 2026 को एग्रीमेंट करवा लिया। इसके बाद 02 अप्रैल 2026 को उपपंजीयक कार्यालय सायला में फर्जी रजिस्ट्री करवाकर पीड़ित पक्ष के साथ करीब 5 करोड़ 41 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने इस शिकायत पर मुकदमा नंबर 95, धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी गौतम चंद लुक्कड़ एक शातिर अपराधी है। वह पुलिस थाना बिशनगढ़ के मुकदमा नंबर 18/2026 में भी गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में पीसी रिमांड पर चल रहा है। इसके अतिरिक्त, वह बिशनगढ़ थाने के ही एक अन्य मामले (मुकदमा नंबर 124/2025) में भी वांछित चल रहा था।
विशेष टीमों का गठन
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जालोर पुलिस ने कई टीमें गठित की थीं। इसमें डीएसपी गौतम कुमार जैन, सायला थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह, बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार सामरिया, भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम और आहोर थानाधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस फिलहाल मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।



