Circle News Network
जालोर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार, 01 नवम्बर 2026 को होने जा रही ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर जालोर जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार की नीतियों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने अब सड़क से संसद तक का रुख किया है। इसी क्रम में जालोर से कार्यकर्ताओं और प्रमुख पदाधिकारियों का एक बड़ा जत्था विशेष बस द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे स्थानीय राजीव गांधी भवन परिसर में कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला। जहां तिरंगा झंडों और पार्टी के नारों के बीच जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली भुट्टो ने विशेष बस को हरी झंडी दिखाकर राजधानी के लिए रवाना किया।
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का बड़ा संकल्प
रवाना होने से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत ने कहा कि देश का संविधान और आम नागरिक का मताधिकार ही भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। वर्तमान समय में जिस प्रकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर देश भर में आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं, ऐसे में मौन रहना लोकतंत्र के हित में नहीं है। कुंपावत ने जोर देकर कहा कि इस महारैली का एकमात्र उद्देश्य मताधिकार की रक्षा, चुनाव प्रक्रिया में शत-प्रतिशत निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करना है। मारवाड़ की माटी से जालोर के कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर यह संदेश देंगे कि जनहित और संविधान की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष को तैयार हैं।

कार्यकर्ताओं में दिखा जबर्दस्त उत्साह, लगे नारे
रवानगी के समय बस में सवार कांग्रेसजनों में दिल्ली रैली को लेकर खासा जोश नजर आया। राजीव गांधी भवन से बस के रवाना होते समय "वोट बचाओ-देश बचाओ" और लोकतंत्र जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए गए। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटने वाली यह विशाल भीड़ आगामी राजनीतिक परिदृश्य को एक नई दिशा देने का काम करेगी।
वरिष्ठ नेता और जन प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर कांग्रेस संगठन और स्थानीय निकाय के प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। बस रवानगी के समय जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली भुट्टो, नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, पूर्व पार्षद लक्ष्मण साखला, पार्षद सुरेश मेघवाल, पार्षद मंगलाराम माली, पूर्व पार्षद जोगाराम सरगरा, पार्षद प्रत्याशी पुखराज माली, बाकरा मंडल अध्यक्ष भरत मेघवाल आलासन, ब्लॉक सचिव मदन सिंह बालावत, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ नगर अध्यक्ष शकूर भाई लोहार, इरफान खान, अचलाराम मेघवाल, मोहम्मद तौफीक सहित कई अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने रवाना हो रहे जत्थे को शुभकामनाएं देते हुए महारैली की सफलता का विश्वास जताया।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां