केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग सचिव को सौंपा पत्र; भारी यातायात और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से निजात दिलाने की उठाई आवाज
नई दिल्ली/सिरोही, 11 जून। जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के विकास और आमजन की सुरक्षा को लेकर सांसद लुम्बाराम चौधरी पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों को लंबे समय से सता रही यातायात और दुर्घटनाओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सांसद चौधरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के सचिव उमाशंकर से विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झेरडा-मण्डार-रेवदर सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-168) के निर्माण कार्य को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द धरातल पर शुरू करवाने का आग्रह करते हुए एक मांग पत्र सौंपा।
स्वीकृतियां जारी, अब वित्तीय मुहर का इंतजार
सचिव को सौंपे पत्र में सांसद लुम्बाराम चौधरी ने पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन निर्माण तथा मण्डार, रेवदर और सिरोही के समीप बाईपास निर्माण की डीपीआर (DPR) बनाने के लिए विभाग द्वारा 4 अक्टूबर 2024 को निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। इसके बाद राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 25 फरवरी 2025 को $132.31$ लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई और 23 अप्रैल 2025 को संवेदक को डीपीआर तैयार करने का कार्यादेश थमाया गया।
सांसद ने बताया कि संवेदक द्वारा सर्वे और डीपीआर का काम पूरा कर लिया गया है। इसके बाद अतिरिक्त मुख्य अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग जोन, जोधपुर) द्वारा 13 मार्च 2026 को पत्र जारी कर 16.03.2026 को यह रिपोर्ट मंत्रालय के कार्यालय में स्वीकृति हेतु भौतिक रूप से प्रस्तुत की जा चुकी है। अब इस परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए मुख्य प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिलना शेष है।
बढ़ता यातायात और जनहानि चिंता का विषय
सांसद चौधरी ने सचिव उमाशंकर को क्षेत्र की जमीनी हकीकत बताते हुए कहा कि उक्त सड़क मार्ग पर वर्तमान में यातायात का भारी दबाव है। आए दिन होने वाले हादसों के कारण क्षेत्र के लोग अकारण ही काल का ग्रास बन रहे हैं और भारी जनहानि हो रही है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए विभागीय कार्यवाही को अतिशीघ्र पूरा किया जाना बेहद जरूरी है।
शीघ्र कार्य शुरू होने की जगी उम्मीद
मुलाकात के दौरान सांसद ने पुरजोर शब्दों में मांग की कि झेरडा-मण्डार-रेवदर सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग-168 पर फोरलेन निर्माण, तीनों प्रमुख कस्बों (मण्डार, रेवदर और सिरोही) के पास बाईपास निर्माण और सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ करवाया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सौगात मिल सके। केंद्रीय सचिव ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां