ललित होंडा। भीनमाल में 18, 19, 20 मई 2025 को राज्य स्तरीय दृष्टिहीन क्रिकेट, कबड्डी और रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। राजस्थान के लगभग 15 जिलों से 150 नेत्रहीन दिव्यांग खिलाड़ी इस खेल महाकुंभ में भाग लेंगे।
आयोजन स्थल और व्यवस्थाएँ
प्रतियोगिता का आयोजन आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक भीनमाल (रानीवाड़ा रोड, भीनमाल) में किया जाएगा। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था श्री खिमज माता मंदिर परिसर में की गई है, जहाँ भोजन और आवास की सुविधा भामाशाह, दानदाताओं और समाजसेवी वर्ग के सहयोग से प्रदान की जा रही है।
आयोजन समिति और आयोजन का उद्देश्य
इस बड़े आयोजन को दृष्टिहीन सेवा समिति भीनमाल, यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन भीनमाल, और मां वांकल मालाणी जन कल्याण एवं शिक्षण संस्थान चौहटन बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक मफ़त लाल राजपुरोहित और सह संयोजक पूना राम विश्नोई ने बताया कि यह प्रतियोगिता भीनमाल के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन का उद्देश्य नेत्रहीन दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करना और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करना है।
प्रतियोगिता का कार्यक्रम
- 18 मई: सुबह भव्य उद्घाटन समारोह
- 19 मई: शाम को सांस्कृतिक संध्या
- 20 मई: रंगारंग समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता में 10 मैच रैफरी एम्पायर की टीम साथ रहेगी, और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए शानदार इनाम, खेल किट और कई सारे पारितोषिक रखे गए हैं। जोधपुर से सबसे अधिक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
खेलों का महत्व और खिलाड़ियों का उत्साह
खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि स्वास्थ्य का पहला धन हैं, जिससे शरीर और मन स्वस्थ रहते हैं। इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य पृथ्वीराज फुलवरिया, प्रकाश राजपुरोहित, साहिल सिंह, अनिल राजपुरोहित सहित पूरी टीम जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई है।
भीनमाल पहली बार इतने बड़े आयोजन की मेजबानी कर रहा है। खेल प्रेमियों से अनुरोध है कि वे इस महाकुंभ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएँ!







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां