आबूरोड (सिरोही)। गुजरात बॉर्डर पर तस्करों की कमर तोडते हुए सिरोही पुलिस ने एक और बडी कामयाबी हासिल की है। आबूरोड रीको पुलिस ने मावल चेकपोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 750 कार्टन बरामद किए हैं। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब की पेटियों को चावल के कट्टों के नीचे छिपा रखा था। पकडी गई शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
मावल चौकी पर ऐसे खुली पोल जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत की टीम मावल चौकी पर सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान सिरोही की तरफ से आए एक ट्रक (RJ-19-GH-0377) को रुकवाया गया। ट्रक में ऊपर चावल के कट्टे लदे थे, जिससे यह सामान्य मालवाहक लग रहा था। लेकिन जब पुलिस ने संदेह के आधार पर गहराई से जांच की और चावल के कट्टे हटाए, तो नीचे अंग्रेजी शराब का जखीरा मिला।
पंजाब से गुजरात जा रही थी खेप पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह शराब पंजाब से लोड की गई थी और इसे ड्राई स्टेट गुजरात में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक अशोक (32) पुत्र पोखरराम विश्नोई निवासी कापरडा (जोधपुर) और खलासी हरदेव (26) पुत्र पूनाराम विश्नोई निवासी गुडा विश्नोईयान (जोधपुर) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस रिमांड में खुलेंगे राज पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना कौन है और गुजरात में यह डिलीवरी किसे दी जानी थी। इस कार्रवाई में थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के साथ एएसआई प्रमोद कुमार, विक्रम कुमार और कॉन्स्टेबल भवानीसिंह, प्रवीणसिंह, जयंतीलाल, गोपाल व मालदेव की अहम भूमिका रही।



