सांचौर फाटक से नट बस्ती के पीछे जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण; उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
सर्किल न्यूज नेटवर्क रानीवाड़ा। कस्बे के सांचौर फाटक से नट बस्ती के पीछे होकर आवासीय ढाणियों की ओर जाने वाले मुख्य सार्वजनिक रास्ते पर कुछ रसूखदारों द्वारा दीवार निर्माण कर अवैध अतिक्रमण करने का मामला गरमा गया है। अतिक्रमण के इस प्रयास से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने बुधवार को उपखंड अधिकारी (SDM) को एक शिकायती पत्र सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने दोटूक शब्दों में कड़क चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस अवैध निर्माण को ध्वस्त नहीं किया गया, तो प्रशासन को जन-आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

सालों पुराना रास्ता बंद करने की साजिश
उपखंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में भारताराम प्रजापत सहित ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सार्वजनिक रास्ता वर्षों पुराना है, जिससे होकर प्रतिदिन सैकड़ों आमजन और आवासीय ढाणियों के लोग आवागमन करते हैं। पूर्व में भी कुछ लोगों द्वारा यहाँ अतिक्रमण का प्रयास किया गया था, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। अब वर्तमान में फिर से जबरन पक्की दीवार का निर्माण कर रास्ते को पूरी तरह से बंद करने की साजिश रची जा रही है।
प्रशासनिक उदासीनता पर भड़के ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर सूचित करने के बावजूद काम को नहीं रुकवाया गया। यदि यह रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है, तो पूरी बस्ती और ढाणियों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाएगा।
सीधी चेतावनी: क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेताया है कि मौके पर संबंधित राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भेजकर तुरंत जांच करवाई जाए और अवैध दीवार निर्माण को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए। यदि प्रशासन ने इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाया या राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं की, तो ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे। इसके खिलाफ उग्र प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान भारी संख्या में प्रभावित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतियां जिला कलेक्टर जालौर और उपखंड अधिकारी रानीवाड़ा को भी भेजी गई हैं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां