सिरोही पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': 4 महीने में 14वीं बड़ी रेड, अब तक 4 करोड़ की शराब जब्त; हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क सिरोही/आबूरोड। गुजरात सीमा पर मुस्तैद सिरोही पुलिस ने नशा तस्करों की एक और बड़ी चाल नाकाम कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको पुलिस ने मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान फोम के बंडलों की आड़ में तस्करी की जा रही पंजाब निर्मित अवैध शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।

फोम के नीचे छिपा रखा था 400 पेटी नशा घटना 19-20 दिसंबर की मध्यरात्रि की है। आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मावल चौकी पर सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान सिरोही की तरफ से आए एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक (HR-57-A-6400) को शक होने पर रुकवाया गया। जब पुलिस ने कंटेनर खुलवाकर देखा, तो सामने फोम के बड़े-बड़े बंडल लदे थे। पुलिस ने जब फोम हटाकर गहराई से जाँच की, तो उसके नीचे पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 400 कार्टन (पेटियां) छिपाकर रखे गए थे।
हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राकेश (25) पुत्र शेरसिंह और किशनकुमार (29) पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भट्टू मंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप पंजाब से भरकर गुजरात सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी।
4 महीने में 4 करोड़ की चोट एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान के नेतृत्व में सिरोही पुलिस तस्करों पर काल बनकर टूटी है। प्रेस नोट के अनुसार, पिछले चार महीनों में यह पुलिस की 14वीं बड़ी कार्रवाई है। इस दौरान पुलिस ने अब तक:
- 11 ट्रक और 03 छोटे वाहन जब्त किए हैं।
- कुल 4023 कार्टन अवैध शराब बरामद की है।
- जब्त शराब की कुल कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है।
टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह चौहान और वृताधिकारी गोमाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत, उपनिरीक्षक पुखराज, एएसआई विक्रमकुमार, हेड कांस्टेबल जयंतीलाल सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां