राज्यमंत्री देवासी और सांसद चौधरी की मौजूदगी में उमड़ा जनसैलाब, 1.52 करोड़ के अटल पथ की मिली सौगात
कैलाशनगर (शिवगंज)। क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए आज कैलाशनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के आतिथ्य एवं मुख्य अतिथि सांसद लुंबाराम चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता सांसद लुंबाराम चौधरी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधान प्रतिनिधि विशन सिंह देवडा, उपप्रधान नेनु देवी और जिला परिषद सदस्य पदमा देवी मौजूद रहीं।
समारोह की शुरुआत में अतिथियों का ढोल-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने गांव में 1 करोड़ 52 लाख की लागत से बनने वाले 1 किलोमीटर लंबे 'अटल पथ' की घोषणा की, जिसका ग्रामीणों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशासक तेजाराम मीणा ने बताया कि पंचायत समिति मद से करीब 40 लाख रुपए के विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनका आज विधिवत लोकार्पण किया गया।
ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक रुख जनसभा के दौरान प्रधान प्रतिनिधि विशन सिंह देवडा ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कैलाशनगर से चांदना की ओर डामर सड़क निर्माण, जनसंख्या घनत्व के अनुसार आबादी भूमि के विस्तार, और सोमनाथ महादेव मंदिर व निर्माणेश्वर योगाश्रम तक एक-एक किलोमीटर की डामर सड़क बनाने की मांग मंत्री के समक्ष रखी।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए एसडीएम नीरज मिश्रा, सीएमएचओ खराडी, प्रशासक अंदौर मोडसिंह, ठेकेदार लादूराम और नायब तहसीलदार सीपी चारण सहित चिकित्सा विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दलीपसिंह माडानी, सूरजपाल सिंह, रमेश राजपुरोहित और मोहनलाल राजपुरोहित सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
सर्कल न्यूज़ के लिए गुमान सिंह राव की रिपोर्ट। जय हिंद।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां