गलत संगत और जल्दी कमाई के चक्कर में फंसे दोनों आरोपी
जोधपुर रेंज में पुलिस महानिरीक्षक विकासकुमार के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे 'मिशन मदमर्दन' के तहत 'ऑपरेशन धरकरभर' में जालोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव के आदेश पर जिलेभर में नाकाबंदी, संदिग्ध स्थानों और वाहनों की सघन तलाशी के दौरान लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान चारण और वृताधिकारी भवानीसिंह के सुपरविजन में रानीवाड़ा थाना प्रभारी दीपसिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 71/2025 धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट थाना जसवंतपुरा में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पहला आरोपी जयप्रकाश नट, उम्र 30 वर्ष, नट कॉलोनी रानीवाड़ा का रहने वाला है। जयप्रकाश करोड़पति बाप का बेटा है, जो गलत संगत और जल्दी पैसा कमाने की चाहत में नशे के कारोबार में उतर गया। दूसरा आरोपी राजेश उर्फ राजूराम बिश्नोई, उम्र 25 वर्ष, निवासी जोगाउ, थाना झाब, जिला जालोर, सुखी और संपन्न परिवार से है। राजू भी गलत आदतों और त्वरित कमाई के लालच में इस गोरखधंधे में फंस गया।
जयप्रकाश को 12 जून 2025 को रानीवाड़ा कस्बे से और राजेश को 14 जून 2025 को जोगाउ, थाना झाब से गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ और अनुसंधान जारी है। पुलिस टीम में दीपसिंह चौहान (थानाधिकारी), मोहनलाल (सउनि), रामनिवास (कानि.287), पूनमाराम (कानि.432), श्रवणकुमार (कानि.463) और राकेशकुमार (कानि.687) शामिल रहे।
पुलिस की सतर्कता और लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि चाहे आरोपी कितने भी संपन्न या कुलीन परिवार से हों, कानून के शिकंजे से बचना नामुमकिन है। गलत संगत और त्वरित कमाई का मोह आखिरकार इन्हें सलाखों के पीछे ले गया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां