सरवाना (सांचौर)। आस्था के केंद्रों को निशाना बनाने वाले पापियों के खिलाफ सरवाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। क्षेत्र के प्रसिद्ध [खालसवी] स्थित ढब्बावाली माताजी मंदिर में ताला तोड़कर मूर्ति के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक शातिर आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
सांचौर पुलिस की स्पेशल टीम ने बुना जाल
इस सनसनीखेज नकबजनी की वारदात के बाद इलाके के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए:
- आवडदान रत्नू (RPS, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सांचौर) के निर्देशन में,
- जयराम मुंडेल (RPS, वृत्ताधिकारी, सांचौर) के निकटतम सुपरविजन में,
- मोहनलाल (थानाधिकारी, सरवाना) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने तकनीकी इनपुट और मुखबिरों के तंत्र को सक्रिय कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू की। आखिरकार पुलिस की पैनी नजर एक संदिग्ध पर जाकर टिकी।
घेराबंदी कर दबोचा, उगल दिया राज
पुलिस ने सरहद पर घेराबंदी कर संदिग्ध सहीराम पुत्र भागीरथराम बिश्नोई (उम्र 29 साल), निवासी भारते की बेरी (थाना धोरीमन्ना, जिला बालोतरा) को दस्तयाब किया।
जब पुलिस ने थाने लाकर उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिक सका। सहीराम ने आखिरकार घुटने टेक दिए और स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ढब्बावाली माताजी के मंदिर का ताला तोड़ा था और मां की मूर्ति पर सजे कीमती आभूषण चुराए थे। आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्राइम रिकॉर्ड: पकड़ा गया आरोपी सहीराम कोई नौसिखिया नहीं बल्कि आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के 03 मामले पहले से ही दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।
बाकी साथियों की तलाश में दबिश जारी
थानाधिकारी मोहनलाल ने बताया कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही अन्य आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे और चोरी गया माल बरामद कर लिया जाएगा।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली जांबाज पुलिस टीम:
इस पूरे मामले को ट्रेस आउट करने और आरोपी को दबोचने में इन पुलिस वीरों की मुख्य भूमिका रही:
- मोहनलाल (थानाधिकारी, सरवाना) – टीम कमांडर
- मानाराम (सहायक उपनिरीक्षक – ASI)
- पुनमाराम (हेड कांस्टेबल संख्या 129) – (विशेष भूमिका)
- कमलेश (कांस्टेबल संख्या 349)
- इन्द्रराजसिंह (कांस्टेबल संख्या 21)
- सोहनलाल (कांस्टेबल संख्या 142)
- किशन (हेड कांस्टेबल, एसपीओ जालौर)



