सांचौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी की वारदात का खुलासा, आरोपी पुलिस रिमांड पर
सांचौर।
सिर्फ 24 घंटे के भीतर सांचौर थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 15 तोला सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष माल की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को छोगाराम पुत्र केवदाराम, निवासी पालड़ी सोलंकियान, सांचौर के घर से सोने-चांदी के आभूषण तथा 70 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे। इस संबंध में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं गहन अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गेनाराम पुत्र रेशमाराम, जाति भील, उम्र 48 वर्ष, निवासी बाढ़निया, पुलिस थाना सेड़वा, जिला बाड़मेर के रूप में हुई है। आरोपी को सेड़वा-ढेंबा मार्ग स्थित एक कृषि कुएं के पास से हिरासत में लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के दौरान चोरी के अधिकांश सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। शेष आभूषण और नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए सफलता हासिल की।



