सर्कल न्यूज़ नेटवर्क | सदा की जय! बाबा के जयकारों संग रामदेवरा चले 201 जातरू
रानीवाड़ा। लोकआस्था के सिरमौर बाबा रामदेवजी के दर पर ढोल-धमाकों और ‘जय बाबा री’ के गगनभेदी जयकारों के साथ आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रानीवाड़ा के सामाजिक व धार्मिक सरोकारों में अग्रणी बोहरा परिवार की ओर से शनिवार को 201 श्रद्धालुओं का विशाल रामदेवरा यात्रा संघ पूरे हर्षोल्लास के साथ रवाना हुआ।
यात्रा की शुरुआत से पहले बोहरा निवास पर उत्सव जैसा माहौल रहा, जहाँ सभी जातरुओं का तिलक-माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य बाजार से निकला भव्य जुलूस जिस मार्ग से भी गुजरा, भक्ति के रंगों से सराबोर हो गया।

ट्रेन से भरी भक्ति की उड़ान बोहरा परिवार के महेश बोहरा ने बताया कि लोकदेवता बाबा रामदेवजी के प्रति अटूट श्रद्धा के चलते परिवार हर साल इस पैदल/ट्रेन यात्रा संघ का आयोजन करता आ रहा है। इसी कड़ी में इस बार भी 201 श्रद्धालु बाबा के दर्शन और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना लेकर रवाना हुए हैं। जुलूस के रूप में रेलवे स्टेशन पहुंचे श्रद्धालुओं ने ट्रेन से रणीजा धाम के लिए प्रस्थान किया। पूरे सफर में भजन-कीर्तन और रामदेवजी के जयकारों से माहौल धर्ममय बना रहा।
इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी भानाराम बोहरा समेत बड़ी संख्या में नगरवासी और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने यात्रा के सुरक्षित व मंगलमय होने की कामना के साथ संघ को भावभीनी विदाई दी।



