जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक; मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग बोले- अवैध कनेक्शन धारियों पर दर्ज कराएं FIR, 15 अगस्त तक सुधारें सड़कें
बड़ी खबर
- टास्क फोर्स का गठन: उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स बनेगी, जो पुलिस सहयोग से अवैध जल कनेक्शन धारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराएगी।
- सड़क मरम्मत की म्याद: शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों को 15 अगस्त तक सुधारने और सुंदेलाव तालाब में ओवरफ्लो नहर का काम पूरा करने के निर्देश।
- जर्जर भवनों में पढ़ाई पर रोक: शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश कि किसी भी सूरत में जर्जर स्कूल भवनों में शैक्षणिक गतिविधियां न संचालित की जाएं।
- 24 घंटे ऑन रहेंगे नंबर: बिजली विभाग के अधिकारी अपने ऑफिशियल मोबाइल नंबर 24 घंटे चालू रखेंगे ताकि आमजन की शिकायतें सुनी जा सकें।
- भूजल स्तर में सुधार: जवाई और उसकी सहायक नदियों पर सब-सरफेस एनिकट बनाने पर जोर।

सरकल न्यूज नेटवर्क / जालोर. जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें और जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
सांसद चौधरी ने डिस्कॉम अधीक्षण अभियंता से पीएम कुसुम योजना और आरडीएसएस योजना की समीक्षा करते हुए जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की हिदायत दी। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को पीएमजीएसवाई और जिले में चल रहे सड़क मरम्मत कार्यों को समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने अवैध कनेक्शन काटने और मुख्य पाइपलाइन से छेड़छाड़ करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, शिक्षा विभाग को सख्त ताकीद की कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई न करवाई जाए।
अवैध नल कनेक्शन काटने को बनेगी टास्क फोर्स
बैठक में उपस्थित राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सीवरेज समस्या के त्वरित समाधान और टेलएंड तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपखंड स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में पीएचईडी, प्रोजेक्ट और पुलिस की टास्क फोर्स गठित की जाए, जो अभियान चलाकर अवैध नल कनेक्शन काटे और दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराए। गर्ग ने भूजल स्तर सुधार के लिए जवाई नदी व उसकी सहायक नदियों पर सब-सरफेस एनिकट निर्माण तथा 15 अगस्त तक शहर की सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, भीनमाल विधायक डॉ. समरजीत सिंह तथा रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं उठाकर उनके समाधान की बात रखी। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, एएसपी कैलाश विश्नोई, डीसीएफ जयदेव सिंह चारण और समिति के अन्य सदस्य व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां