फसल बीमा से लेकर कर्ज माफी तक गूंजी किसानों की आवाज, बावरला में नई कार्यकारिणी गठित

सांचौर। संयुक्त किसान मोर्चा, सांचौर–जालोर के तत्वावधान में शनिवार, 18 जुलाई को बावरला के हनुमान जी मंदिर में किसान जनजागृति अभियान के तहत एक विशाल बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन मंथन हुआ और हुंकार भरी गई कि हक के लिए दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
बजट अभाव में अटका अनुदान, रिलायंस को दिखाया बाहर का रास्ता मोर्चा के जिलाध्यक्ष ईशराराम विश्नोई ने बताया कि वर्ष 2022 से बकाया कृषि आदान-अनुदान राशि बिल बनने के बावजूद जयपुर में बजट के अभाव में ईसीएस (ECS) नहीं हो पा रही है। वहीं, विरद सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विसंगतियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मोर्चा के लंबे संघर्ष के कारण इस बार रिलायंस बीमा कंपनी को पूरे राजस्थान से बाहर खदेड़ दिया गया है। उन्होंने खरीफ 2026 के फसल बीमा के लिए बैंक में बुवाई प्रमाण पत्र देने या ‘ऑप्ट आउट’ फॉर्म भरने की सलाह दी।
स्वामीनाथन रिपोर्ट और लवणीय भूमि पर मुआवजा की मांग पूनमाराम विश्नोई ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू न होने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उपज खरीद की मांग उठाई। नवनियुक्त अध्यक्ष कल्याण सिंह ने बताया कि नर्मदा नहर और बिपरजॉय तूफान के कारण क्षेत्र की भूमि लवणीय व अनुपयोगी हो गई है, जिससे किसान केसीसी और कृषि ऋण भरने में असमर्थ हैं। उन्होंने सरकार से विशेष सर्वे कराकर कर्ज माफी व मुआवजे की मांग की। इसके अलावा लादू राम भादू व भाखराराम रावतसर ने सिंचाई, बिजली, जल जीवन मिशन और मंडी से जुड़े मुद्दों पर किसानों को एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बावरला ग्राम इकाई का गठन, इन्होंने ली शपथ बैठक में राजस्थान किसान सभा की बावरला ग्राम इकाई का सर्वसम्मति से गठन कर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
- पदाधिकारी: कल्याण सिंह (अध्यक्ष), सांवलाराम देवासी (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), उम्मेद सिंह (सचिव), सेंधाराम (उपाध्यक्ष), जबर सिंह (संरक्षक), ईश्वर सिंह (कोषाध्यक्ष)।
- सक्रिय सदस्य: लाल सिंह, नारायण राम सुथार, विक्रम सिंह, गणपत लाल पंवार, भगत सिंह, राण सिंह, राजूराम ग्वारिया, हुकम सिंह और जितेंद्र सिंह।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति इस महामंथन में संयुक्त किसान मोर्चा व किसान सभा के प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे, जिनमें जिलाध्यक्ष ईशराराम विश्नोई, जिलाध्यक्ष विरद सिंह चौहान, मक्का राम चौधरी, जिला प्रवक्ता लादू राम भादू, केशर सिंह सरवाना, पीरा राम पुरोहित, जोगाराम चौधरी, धीमा राम खिलेरी, लादू राम डावल, किशन लाल पुनिया तथा तहसील अध्यक्ष भाखरा राम रावतसर शामिल थे। बैठक का सफल संचालन जिला प्रवक्ता लादूराम भादू द्वारा किया गया।




