जोधपुर, 31, जनवरी, 2025
पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और कारीगरों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कार्यालय विकास आयुक्त हस्तशिल्प, जोधपुर द्वारा शिल्पग्राम हस्तशिल्प उत्पादक कंपनी में राष्ट्रीय हस्तशिल्प विकास कार्यक्रम (एनएचडीपी) के अंतर्गत 50 कढ़ाई टूलकिट वितरित किए। इस योजना को हस्तशिल्प सेवा केंद्र, जोधपुर, कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कार्यान्वित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य कारीगरों के कौशल को निखारना, उत्पादकता बढ़ाना और हस्तशिल्प उद्योग को सशक्त बनाना है।
इस कार्यक्रम में पत्र सूचना कार्यालय के मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा ने हस्तशिल्पियों को अपने क्षेत्र में तकनीक का प्रयोग करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) सहायक निदेशक किरण वीएन ने राष्ट्रीय हस्तशिल्प विकास कार्यक्रम (एनएचडीपी) की विस्तृत जानकारी दी। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता (बंधेज कला) मोहम्मद शरीफ ने हस्तशिल्पियों को विभिन्न कला के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर हस्तशिल्प संवर्धन अधिकारी आदित्य द्विवेदी और मनोहर लाल चौधरी तथा हस्तशिल्पी उपस्थित रहे।
