डोडा पोस्त तस्करी पर पुलिस का बड़ा वार, स्कॉर्पियो से माल जब्त
जालोर जिले के सायला थाना पुलिस ने “ऑपरेशन भौकाल” और “मिशन मदमर्दन” के तहत शनिवार सुबह हाईवे नाकाबंदी के दौरान 477.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त जब्त किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (नंबर RJ 27 UB 2457) को भी कब्जे में लिया। जब्त डोडा पोस्त की बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि स्कॉर्पियो की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई।

कैसे हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में टीम ने सायला थाने के सामने नाकाबंदी की। जिला पुलिस कंट्रोल रूम व डीएसटी टीम से मिली सूचना के आधार पर दो संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी की गई। एक ब्लैक स्कॉर्पियो नाकाबंदी तोड़कर भाग गई, जबकि दूसरी सफेद स्कॉर्पियो (RJ 27 UB 2457) को पुलिस ने सरकारी वाहन से सामने भिड़ाकर रोका। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक और एक अन्य व्यक्ति ब्लैक स्कॉर्पियो की ओर भाग निकले।
वाहन की तलाशी में 24 कट्टों में भरा कुल 477.500 किलो डोडा पोस्त मिला। साथ ही वाहन से मोबाइल और अलग-अलग नंबर प्लेट्स (RJ 16 UA 6768, GJ 05 RN 7299) भी बरामद की गईं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज किया।
पुलिस टीम की भूमिका
- थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह
- उप निरीक्षक महिपालसिंह
- सहायक उप निरीक्षक राजाराम
- हेड कांस्टेबल भंवरलाल, रणजीतसिंह, सुमेरसिंह (चालक)
- कांस्टेबल मनीष चौधरी, रामदेवसिंह, अशोक कुमार, लक्ष्मणराम, अर्जुन कुमार, दिलखुश
विशेष उल्लेख: कांस्टेबल मनीष चौधरी ने अदम्य साहस दिखाते हुए सरकारी वाहन से स्कॉर्पियो को सामने से भिड़ाकर रोका और डोडा पोस्त से भरी गाड़ी को बरामद करने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सूचना जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7727050726 पर दी जा सकती है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



