पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो रिवर्स लेकर भाग रहा था तस्कर, कांस्टेबल ने अदम्य साहस दिखाते हुए आगे लगा दी पुलिस की गाड़ी; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार।
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क | सायला/जालोर
जालोर जिले की सायला थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन से 174.770 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए फिल्मी स्टाइल में तस्करों की गाड़ी को रोका और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा।
ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान हुई कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया द्वारा चलाए जा रहे मादक पदार्थों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में सायला थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 29 नवंबर 2025 को सायला कस्बे में ट्रैफिक व्यवस्था ड्यूटी पर थी।
कांस्टेबल सांवलाराम ने दिखाया अदम्य साहस ड्यूटी के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रुकवाने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी को तेजी से रिवर्स लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान टीम में शामिल कांस्टेबल सांवलाराम (बिल्ला नं. 66) ने अदम्य साहस और बहादुरी दिखाते हुए तत्परतापूर्वक अपनी सरकारी गाड़ी को संदिग्ध स्कॉर्पियो के आगे लगाकर उसे डिटेन कर लिया।
10 कट्टों में भरा था 174 किलो नशा गाड़ी घिरती देख चालक और उसके पास बैठा एक अन्य व्यक्ति गाड़ी से निकलकर कस्बे की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर चालक को दबोच लिया, लेकिन दूसरा व्यक्ति भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्ण कुमार (उम्र 19 वर्ष) पुत्र गिरधारीराम, जाति जाट, निवासी कुड़ला मंगने की ढाणी, पुलिस थाना रीको (बाड़मेर) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब स्कॉर्पियो (GJ 08 BN 6019) की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक के 10 कट्टों में भरा कुल 174.770 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। आरोपी कृष्ण कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की अग्रिम जांच बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार सामरिया को सौंपी गई है।
पुलिस टीम की भूमिका इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के साथ हेड कांस्टेबल भूराराम, रूपाराम, भंवरलाल और कांस्टेबल सांवलाराम, अशोक कुमार, गणपतलाल व अर्जुन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल सांवलाराम की बहादुरी की उच्च अधिकारियों ने सराहना की है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां