शारीरिक शिक्षक भूराराम चौधरी के निर्देशन में सीखे योग के गुर, भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहने का दिया संदेश
सांचौर (सर्किल न्यूज नेटवर्क)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पथमेड़ा में भारी उत्साह और उमंग का माहौल देखा गया। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में समस्त शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ ने एकजुट होकर सामूहिक योगाभ्यास किया और इस विशेष दिन को सफल बनाया।

कार्यक्रम में मुख्य योग प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए विद्यालय के शारीरिक शिक्षक भूराराम चौधरी ने उपस्थित स्टाफ को योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास करवाया। उन्होंने अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित कई महत्वपूर्ण योगासनों और प्राणायामों का विधिवत प्रदर्शन करते हुए उनके शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इस दौरान भूराराम चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जिंदगी में एक स्वस्थ शरीर और शांत मस्तिष्क प्राप्त करने के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। विद्यालय स्टाफ की सक्रिय और ऊर्जावान भागीदारी से पूरा विद्यालय प्रांगण योगमय नजर आया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक स्वर में 'करो योग, रहो निरोग' का नारा बुलंद करते हुए समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का सार्थक संदेश दिया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां