साइबर फ्रॉड से बचाव के टिप्स और स्वदेशी 4G तकनीक पर दिया जोर, उपभोक्ताओं को दिलाई अपने अधिकारों की जानकारी
सांचौर. डिजिटल युग की रफ्तार के साथ साइबर खतरों का दायरा भी बढ़ा है। आए दिन तकनीक के नाम पर नई तरह की धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में आमजन को न केवल नई तकनीक से जोड़ना, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना भी समय की सबसे बड़ी मांग है। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के दिशा-निर्देशों पर सांचौर के राजकीय आईटीआई में एक विशेष ‘उपभोक्ता शिक्षा कार्यशाला’ का आयोजन किया।
स्वदेशी तकनीक और साइबर सुरक्षा पर फोकस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को दूरसंचार सेवाओं के नियमों, अधिकारों और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर बीएसएनएल के अधिकारियों ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत बीएसएनएल की स्वदेशी 4G तकनीक को बढ़ावा देने के लिए आमजन को प्रेरित किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वदेशी तकनीक के उपयोग से न केवल देश की डिजिटल शक्ति बढ़ेगी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी कोई समझौता नहीं होगा। इसके अलावा, वर्तमान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डीपफेक तकनीक के बढ़ते दुष्प्रभावों पर गंभीर चर्चा हुई। सोशल मीडिया के समझदारी से उपयोग पर बल देते हुए बताया गया कि कैसे उपभोक्ता साइबर अपराधों, वित्तीय हानि और अपनी निजता को सुरक्षित रख सकते हैं।
तकनीकी सेवाओं का विस्तार से विवरण रानीवाड़ा के उपमंडल अभियंता हंसराज मीणा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बीएसएनएल की आधुनिक सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अब फाइबर टू होम, इंटरनेट लीज लाइन, आईपी टीवी, एसआईपी, ओबी डी सेवा और एयर फाइबर जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके साथ ही, उपभोक्ताओं को बीएसएनएल के चैटबॉट 18004444 और दूरसंचार विभाग के ‘संचार साथी’ पोर्टल के उपयोग का तरीका भी समझाया गया।
TRAI के एप और अधिकारों की समझ उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और शिकायत निवारण तंत्र की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। टी.आर.ए.आई. (TRAI) के नियमों और टैरिफ आदेशों को सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही, उपभोक्ताओं को टी.आर.ए.आई. के विभिन्न एप्स जैसे ‘माय स्पीड’ (MySpeed), ‘माय कॉल’ (MyCall), ‘डी.एन.डी.’ (DND) और ‘चैनल सेलेक्टर’ के उपयोग के लिए मार्गदर्शन दिया गया, ताकि वे स्वयं सेवाओं की गुणवत्ता की जांच कर सकें, अनचाहे कॉल और मैसेज पर नियंत्रण रख सकें और अपनी पसंद के चैनल चुन सकें।
कार्यशाला में इनकी रही उपस्थिति कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई सांचौर के गोपाल, रमेश यादव, गोविंद कुमार, प्रेम कुमार, हंस सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे। बीएसएनएल की ओर से हंसराज मीणा (उपमंडल अभियंता, रानीवाड़ा), गजे मीणा (कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी, सांचौर), कनिष्ठ अभियंता मुला राम एवं रामरेश मीणा ने तकनीकी सत्रों का संचालन किया।



