70 सालों से बसे आशियानों को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान; संयुक्त किसान मोर्चा ने दिया धरना स्थल पर समर्थन
जालौर/नेहड़। राजस्थान किसान सभा द्वारा जिले के गांवों में किसानों को एकजुट करने और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु संगठन विस्तार अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में आकोड़िया और कूकड़िया के किसानों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक चमनाराम कोली की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से ग्राम इकाई का गठन कर कार्यकारणी चुनी गई।
उजड़ने की कगार पर गरीब किसान: विरद सिंह चौहान
राजस्थान किसान सभा के जिला अध्यक्ष विरद सिंह चौहान ने बताया कि नेहड़ क्षेत्र की हजारों हेक्टेयर भूमि अडानी ग्रुप को सोलर प्लांट के लिए आवंटित कर दी गई है। इसमें वे गरीब परिवार भी शामिल हैं जो पिछले 70 वर्षों से वहां निवास कर रहे हैं। सरकार द्वारा आवंटित भूमि, बिजली कनेक्शन और इंदिरा आवास योजना के तहत बने पक्के मकानों के बावजूद कंपनी द्वारा जबरन घेराबंदी (छीणें लगाना) कर ग्रामीणों के घर और बाड़े बंद किए जा रहे हैं।
मूलभूत सुविधाओं का अभाव और उपेक्षा
प्रवक्ता लादूराम भादू ने रणखार क्षेत्र से सटे इन गांवों की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि आज भी किसान सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। वहीं, धीमाराम खिलेरी ने बकाया फसल बीमा क्लेम, आदान अनुदान और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की लंबित राशि के लिए संगठित संघर्ष का आह्वान किया।
इन्होंने किया संबोधित
बैठक के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ईशराराम बिश्नोई ने पर्यवेक्षक के रूप में शिरकत की। इनके अलावा भागीरथ ढाका (वना की ढाणी), विक्रम सिंह, प्राग सिंह खेजड़ियाली, चमनाराम कोली और भारुराम सहित कई वक्ताओं ने किसानों के हक में आवाज बुलंद की।
ग्राम इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन
बैठक में आकोड़िया और कूकड़िया की संयुक्त कार्यकारिणी की घोषणा की गई:
- अध्यक्ष: चमनाराम कोली
- सचिव: भारूराम
- उपाध्यक्ष: अरविंद कुमार
- कोषाध्यक्ष: वली मोहम्मद
कार्यकारिणी सदस्य: खमीशा खान, गेनाराम, उदाराम, मसरू देवासी, होती राम, उस्मान, खेमाराम, अमराराम, शंकराराम, डामराराम और लक्षमणाराम को सदस्य चुना गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन लादूराम भादू द्वारा किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा और क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विरद सिंह चौहान (जिला अध्यक्ष, राजस्थान किसान सभा, जालौर)







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां