सांचौर। क्षेत्र में आए भीषण अंधड़ और चक्रवाती तूफान को बीते कई दिन गुजर जाने के बाद भी ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाई है। क्षतिग्रस्त विद्युत तंत्र को दुरुस्त करने में बरती जा रही लापरवाही और ठेकेदारों की मनमानी के खिलाफ 'संयुक्त किसान मोर्चा सांचौर' ने आक्रोश जताया है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) प्रकाश चंद्र अग्रवाल तथा जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता (SE) को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाएं तुरंत सुधारने की मांग की है।
100 किमी की रफ्तार से आई आंधी ने मचाई थी तबाही
संयुक्त किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ईशराराम विश्नोई के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि गत 1 व 2 जून की रात्रि को क्षेत्र में करीबन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए भीषण अंधड़ और भारी बारिश के कारण सांचौर और चितलवाना क्षेत्र में भयंकर तबाही मची थी। डिस्कॉम को भारी नुकसान पहुंचा है, जहां ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों की संख्या में विद्युत पोल धराशायी हो गए, तार टूट गए और कई जगहों पर भारी-भरकम ट्रांसफार्मर (डीपी) भी नीचे गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
ठेकेदारों की मनमानी और ढुलमुल रवैये से बढ़ी परेशानी
मोर्चा के जिला प्रवक्ता लादू राम भादू ने बताया कि राज्य सरकार ने क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और बुनियादी ढांचे को ठीक करने के लिए ठेकेदारों को जिम्मेदारी सौंपी है, लेकिन धरातल पर ठेकेदार पूरी तरह मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। कई प्रभावित ढाणियों और खेतों की लाइनें अब तक ठीक नहीं की गई हैं, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों किसान परिवार कई रातों से पूरी तरह अंधेरे में जीवन काटने को मजबूर हैं।
फसलें जल रही हैं, पशु-पक्षी पानी को तरसे
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष धीमा राम खिलेरी ने बिजली गुल होने से उपजे हालातों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से किसानों की फसलें जलकर नष्ट हो रही हैं। बिजली के अभाव में नलकूप बंद पड़े हैं, जिससे छोटे-छोटे बच्चे और बीमार बुजुर्ग इस झुलसा देने वाली गर्मी में बेहाल हैं। इतना ही नहीं, पानी की सप्लाई ठप होने से मूक पशु-पक्षियों के सामने भी पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बिजली दफ्तरों को पाबंद करने की मांग, दी आंदोलन की चेतावनी
राजस्थान किसान सभा सांचौर के तहसील अध्यक्ष भाखरा राम रावतसर ने प्रशासन से मांग की कि जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता (AEN) कार्यालय सांचौर, भादरुणा, चितलवाना और सांकड़ को तुरंत प्रभाव से पाबंद किया जाए, ताकि किसानों को समय पर और व्यवस्थित रूप से बिजली मिल सके।
वहीं, राजस्थान किसान सभा के जिला अध्यक्ष विरद सिंह चौहान ने साफ लहजे में चेतावनी देते हुए कहा:
"अगर बिजली विभाग ने समय रहते किसानों की इस गंभीर समस्या का स्थायी और त्वरित समाधान नहीं किया, तो संयुक्त किसान मोर्चा मजबूरन उग्र धरना-प्रदर्शन करने पर विवश होगा। इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति और कानून व्यवस्था की समस्त जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।"
ज्ञापन सौंपने के दौरान यह रहे मौजूद
इस दौरान एडीएम कार्यालय और अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष ईशरा राम बिश्नोई, जिला अध्यक्ष (किसान सभा) विरद सिंह चौहान, नरपत सिंह अरणाय, सुरेश सियाग, भारमल सेड़िया, धीमाराम खिलेरी, भाखरा राम रावतसर, बाबूलाल गोदारा व जिला प्रवक्ता लादू राम भादू सहित बड़ी संख्या में किसान और मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां