वारदात के विरोध में ४ जून को भीनमाल बंद, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
भीनमाल (जालौर)। कस्बा भीनमाल में स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास करने और लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ मारपीट करने के सनसनीखेज मामले में भीनमाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस खौफनाक वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बाजार बंद: आक्रोश में भीनमाल
बता देते हैं कि इस बर्बर हमले और क्षेत्र में पैर पसारते जांबाज बदमाशों के विरोध में 4 जून को भीनमाल कस्बा पूरी तरह से बंद रखने का आह्वान किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है।
यह था पूरा घटनाक्रम
बीती 22 मई 2026 की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि भीनमाल कस्बे में स्कॉर्पियो गाड़ी और पिकअप ट्रोला में भरकर आए कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया है। बदमाश पीड़ित को गाड़ी से कुचलने का प्रयास कर रहे थे और लाठी-सरियों से पीट रहे थे।
सूचना मिलते ही डीएसपी शंकरलाल मंसूरिया और थानाधिकारी राजेंद्रसिंह राजपुरोहित भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी करवाई और गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जालौर एसपी ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा, डीएसपी भीनमाल और थानाधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया।
इस संबंध में पीड़ित जवाराम (पुत्र धमाराम देवासी, निवासी करड़ा रोड, भीनमाल) की लिखित रिपोर्ट पर भीनमाल थाने में मामला संख्या 191/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 126(2) और 189(2) के तहत जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुले राज
गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस ने लोहे के सरियों से जानलेवा हमला करने वाले दो शातिर आरोपियों को दस्तयाब कर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अन्य बदमाशों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
सलाखों के पीछे पहुंचे ये आरोपी
| आरोपी का नाम | पिता का नाम | उम्र | निवासी | पेशा/अन्य विवरण |
| हकीमखान उर्फ अलताफखान | सरदारखान मोयला मुसलमान | 35 वर्ष | रीको एरिया, भीनमाल | मुख्य हमलावर |
| भंवरदास | अचलदास वैष्णव संत | 36 वर्ष | पुराना जुजानी बस स्टैंड के पीछे, भीनमाल | मुख्य हमलावर |
| शिवलाल (पहले गिरफ्तार) | लखाराम सोलंकी (बागरी) | 55 वर्ष | भादरवा बेरा के पास, भीनमाल | सरकारी अध्यापक (साजिशकर्ता) |
अवैध हथियार और 10 लाख से ज्यादा कैश बरामद
पुलिस इस मामले में चौतरफा कार्रवाई कर रही है। फरार चल रहे आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने:
- बदमाशों के 05 वाहन (कैंपर और पिकअप ट्रोला) जब्त किए हैं।
- 06 अवैध आर्म्स कारतूस बरामद किए गए हैं।
- 10 लाख 16 हजार रुपये की भारी नकदी बरामद की गई है।
- आरोपी भजनलाल के भाई हनुमानराम को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी हकीमखान और भंवरदास से वारदात के विभिन्न बिंदुओं और इसमें शामिल अन्य सफेदपोशों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गैंग के बाकी सदस्यों को भी जेल की सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां