सर्किल न्यूज नेटवर्क
करवाड़ा बी ढाणी (जालोर)। मजबूत इरादे और फौलादी हौसले अगर साथ हों, तो अभावों की धूल फांककर भी कामयाबी का नया सूरज उगाया जा सकता है। कुछ ऐसा ही हैरतअंगेज कारनामा कर दिखाया है करवाड़ा बी ढाणी की एक बेटी ने, जिसकी असाधारण प्रतिभा और लगन ने समूचे इलाके को गर्व से भर दिया है।
पीएम महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, करवाड़ा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय 'प्रबल कार्यक्रम' (सत्र 2026-27) में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करवाड़ा बी ढाणी की कक्षा 12वीं की छात्रा प्रतिभा पुत्री श्रवण कुमार सियाक ने छात्रा वर्ग में पूरे ब्लॉक को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान झटका है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही होनहार छात्रा का चयन जिला स्तर के लिए हुआ है।

संस्था प्रधान चेतन कुमार जांगू ने बताया कि प्रतिभा विद्यालय की बेहद अनुशासित और कुशाग्र छात्रा रही है। ग्रामीण परिवेश की इस बेटी ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान या बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शिक्षकों और सहपाठियों ने छात्रा को साफा पहनाया और मुंह मीठा करवाकर जीत का जश्न मनाया।
मार्गदर्शन और टीम वर्क ने लिखी सफलता की इबारत
इस सुनहरी कामयाबी के पीछे प्रबल कार्यक्रम प्रभारी महिपाल सिंह का अथक परिश्रम और मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को तराशने में दिन-रात एक कर दिया। वहीं आयोजन व्यवस्था और आईडी कार्ड निर्माण में अजाराम देवासी का विशेष सहयोग रहा।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर व्याख्याता महिपाल सिंह, चमली, प्रकाश खीचड़, विरमा विश्नोई, जामता राम, राजू चंदेलिया, मंजू विश्नोई, दिनेश खीचड़, प्रियदर्शी, जयकिशन, रामकिशन गोदारा, भेराराम बेनीवाल, अजा राम देवासी सहित विद्यालय स्टाफ व ग्रामीणों ने छात्रा को बधाई दी और जिला स्तर पर विजय पताका फहराने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां