जालोर का नालंदा, तक्षशीला, मेयो या चोपासनी | मालवाडा की तुलना होती थी | बड़े घरानों से आम मजलूम योग्य स्टूडेंट को यहाँ मिला पढ़ने का मौका
मालवाड़ा (जालोर): जालोर जिले के रानीवाड़ा उपखंड स्थित मालवाड़ा गांव में शिक्षा की अलख जगाने वाले ऐतिहासिक विद्यालय में आधी सदी से भी अधिक समय बाद एक अभूतपूर्व समागम होने जा रहा है। आजादी के बाद वर्ष 1954 में 'सेठ ओखाजी हाई स्कूल' के रूप में स्थापित और वर्तमान में 'राजकीय उमाजी ओखाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय मालवाड़ा' के नाम से विख्यात इस संस्थान के पूर्व विद्यार्थी अब अपने पुराने दिनों को जीवंत करने के लिए एक मंच पर एकत्र हो रहे हैं। इस विद्यालय की माटी से तराशे गए सैकड़ों विद्यार्थी आज देश और प्रदेश के विभिन्न उच्च प्रशासनिक, तकनीकी और शैक्षणिक पदों पर आसीन हैं, वहीं कई पूर्व छात्र गौरवपूर्ण सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
एक विचार से खड़ा हुआ महा-अभियान
इस ऐतिहासिक विद्यालय के पूर्व छात्र एवं मालवाड़ा निवासी यशवंत सिंह देवल (जो वर्तमान में आबूरोड में कोचिंग संस्थान संचालित करते हैं) ने अपने सहपाठियों और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संकल्प लिया। उनके मन में विचार आया कि बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और समूचे मारवाड़ में फैले इस विद्यालय के पूर्व छात्रों का एक भव्य 'स्नेह मिलन' (एलुमनी मीट) आयोजित किया जाए, जिसमें जीवन संवारने वाले आदरणीय गुरुजनों का पाद-पूजन और नागरिक अभिनंदन किया जाए।
सोशल मीडिया पर बना कारवां, व्हाट्सएप ग्रुप पड़ा छोटा
यशवंत सिंह देवल ने जब यह विचार अपने कुछ मित्रों और सहपाठियों के साथ साझा किया, तो देखते ही देखते यह एक विशाल मुहिम में बदल गया। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शुरू हुए इस प्रयास में कुछ ही समय के भीतर 1000 से अधिक पूर्व छात्र और गुरुजन सदस्य बन चुके हैं। सदस्यों की भारी संख्या को देखते हुए अब दूसरा ग्रुप बनाने की तैयारी चल रही है। समूचे मारवाड़ से पूर्व विद्यार्थी इस पहल से जुड़कर पुरानी यादों को साझा कर रहे हैं।
भामाशाहों ने खोले दिल के दरवाजे, जल्द तय होगी तारीख
इस प्रस्तावित पूर्व छात्र स्नेह मिलन एवं गुरुजन सम्मान समारोह को भव्य और अविस्मरणीय स्वरूप देने के लिए पूर्व विद्यार्थियों और भामाशाहों ने आर्थिक सहयोग का संकल्प लिया है। आयोजन में होने वाले संपूर्ण व्यय के लिए दानदाताओं ने अपनी पूर्ण सहमति दे दी है। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, अतिथियों के आमंत्रण और अंतिम तारीख निर्धारण के लिए शीघ्र ही मालवाड़ा में पूर्व छात्रों की एक वृहद बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद समारोह की औपचारिक घोषणा की जाएगी।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां