जसवंतपुरा (जालोर)। कस्बे के फैदानी गांव में बीते रविवार को दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह घटना गांव के समीप सड़क किनारे स्थित भेराराम पुत्र हंसाजी लुहार के मकान में हुई, जहां परिवार की गैरमौजूदगी में चोरों ने ताले तोड़कर घर में रखे सोना-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
भेराराम ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 21 जुलाई को सुबह करीब 8.30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गोलाणा गया हुआ था। करीब 11.35 बजे उसका साला पिन्युप व पत्नी पुनः घर लौटे तो मकान का दरवाजा खुला पाया। पास जाकर देखने पर दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली।
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने इस दौरान अलमारी व पेटियों के ताले तोड़कर घर में रखे कुल 8 तोला सोना व 75 तोला चांदी के जेवरात चुरा लिए। इनमें सोने की कानों की कर्णफूल, टॉप्स, मथलियां, फिणी, चेन, अंगूठी तथा चांदी की कमरबंध व कड़े शामिल हैं।

चोरी की वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने जसवंतपुरा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां