सर्किल न्यूज नेटवर्क बिशनगढ़/जालोर। टोल नाके पर रौब झाड़ने और पैसे बचाने के चक्कर में खिलौना पिस्तौल दिखाकर डराना एक युवक को भारी पड़ गया। बिशनगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टोलकर्मी को धमकाने वाले आरोपी को बाड़मेर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार और डराने के लिए इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
खिलौना पिस्तौल से दी थी 'फिल्मी' धमकी
मामला 13 मई 2024 का है, जहां एक स्विफ्ट कार (नंबर RJ 16 CA 9323) के चालक ने टोल देने से बचने के लिए टोलकर्मी पर पिस्तौल तान दी थी। हालांकि, जांच में सामने आया कि वह पिस्तौल असली नहीं बल्कि प्लास्टिक का खिलौना थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिस पर पुलिस ने धारा 308, 3(5) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला राज, बाड़मेर में दबोचा गया आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृत्ताधिकारी गौतम कुमार जैन के निर्देशन में थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वाहन के आधार पर आरोपी की पहचान की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी खुशवंत सिंह (23 वर्ष) पुत्र अभय सिंह, निवासी चांदना (थाना बागरा) को बाड़मेर से दस्तयाब किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम की मुस्तैदी आई काम
इस कार्रवाई में बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार के साथ कांस्टेबल नैनाराम, वीरमसिंह, पर्वतसिंह और बाबूलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां