बिशनगढ़ (जालोर)।
जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बिशनगढ़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दस हजार रुपए के इनामी स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी पिछले करीब एक साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरारी काट रहा था।
पुनासा के पास घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम एवं जालोर वृत्ताधिकारी गौतम कुमार जैन के निकटतम सुपरविजन में बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वियो का गोलिया पुनासा से आरोपी भंवरलाल उर्फ भूरा पुत्र किशनाराम, जाति विश्नोई (सियाग), निवासी वियो का गोलिया (थाना भीनमाल) को दस्तयाब किया। थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से स्मैक के नेटवर्क और अन्य खरीदारों को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है।
जुलाई 2025 का है मामला
गौरतलब है कि जालोर कोतवाली थाने में १३ जुलाई २०२५ को दर्ज मुकदमा संख्या २२१ में धारा ०८/२१ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में कुल ३४ ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक का परिवहन करते हुए आरोपी भंवरलाल वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिस पर पुलिस ने दस हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
सराहनीय भूमिका: इस टीम को मिली सफलता
तस्कर को दबोचने में बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल परबतसिंह (६५७), नैनाराम (३१८), राकेश एचरा (०९), रतनलाल (११४), छोटूराम (३०३) एवं बाबूलाल (६०५) शामिल रहे।



