जालोर, 13 मई। प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने मंगलवार को पंचायत समिति सभागार, सांचौर में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एवं शांति उपायों की समीक्षा बैठक की।
स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता
बैठक में प्रभारी मंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जीवन रक्षक दवाओं, ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता, आईसीयू सुविधा और 108 एम्बुलेंस की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर टेम्परेरी अस्पताल और शेल्टर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा पर जोर
मंत्री ने ब्लैक आउट निर्देशों की पालना और मॉक ड्रिल की समीक्षा करते हुए आपात स्थिति में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक उपायों जैसे टैंकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अग्निशमन सेवाओं को हर समय सक्रिय मोड में रखने का आदेश दिया गया।
सुरक्षा के लिए विभागीय समन्वय
उन्होंने डिस्कॉम, पीएचईडी, चिकित्सा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नर्मदा नहर से पानी की चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई और अवैध जल कनेक्शनों को तुरंत हटाने के आदेश दिए।
बैठक में प्रमुख अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक जीवाराम चौधरी, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दौलतराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस निर्णय लिए गए।



