खोड़ेश्वर मंदिर से चोरी हुई बाइक का दो दिन में खुलासा, जालोर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
जालोर, 16 जुलाई 2025: जालोर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसते हुए एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज, विकास कुमार के ‘मिशन मदमर्दन’ के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन खुलासा’ में जसवंतपुरा थाना पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जिला पुलिस अधीक्षक जालोर, ज्ञानचंद यादव के निर्देशानुसार, आवडदान रतनु आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सांचौर और भवानसिंह आरपीएस, वृत्ताधिकारी वृत्त रानीवाड़ा के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जसवंतपुरा थानाधिकारी, उप निरीक्षक गुमान सिंह भाटी के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना हाजा पर दर्ज मुकदमा संख्या 86, दिनांक 14.07.2025, धारा 303(2) बीएनएस 2023 में अज्ञात चोरों द्वारा खोड़ेश्वर मंदिर, जाविया से चोरी की गई मोटरसाइकिल RJ46 SN 4673 का मात्र दो दिन में खुलासा कर दिया।
पुलिस टीम ने तकनीकी और आसूचना के आधार पर आरोपी साबिरखान पुत्र उस्मान खान, जाति मोयला मुसलमान, उम्र 27 साल, निवासी मुंथलाकाबा, पुलिस थाना रामसीन को कस्बा भीनमाल से दस्तयाब किया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर साबिरखान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे दिनांक 15.07.2025 को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी साबिरखान से गहन पूछताछ के बाद चोरी की मोटरसाइकिल RJ46 SN 4673 को बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम में: लाडूराम हेड कांस्टेबल (356), गोपाल कांस्टेबल (188), और रामाकिशन कांस्टेबल (399), सभी पुलिस थाना जसवंतपुरा से शामिल थे। इस कार्रवाई में पुलिस थाना भीनमाल से वजाराम सउनि और मदनलाल कांस्टेबल (1031) की विशेष भूमिका रही। इस सफलता से क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी मदद मिली है।



