पालनपुर / बाड़मेर। गुजरात की बनासकांठा पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी प्रकरण में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी (नं. GJ-20-AH-6285) भी बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमेश उर्फ रमिया बिश्नोई निवासी गुजरात, काफी समय से फरार चल रहा था। मूल मामला डिसा रूरल थाने में NDPS एक्ट व आर्म्स एक्ट की धाराओं में दर्ज है।
ऐसे रचा गिरफ्तारी का जाल
एसपी अक्षयराज मकवाणा के निर्देशन में SOG टीम ने इंस्पेक्टर एच.बी. धांधल्या एवं ए.जी. रबारी के नेतृत्व में टेक्निकल एनालिसिस और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर राजस्थान में सघन दबिश दी।
उदयपुर, जालोर, चितलवाना और गुडामालानी इलाकों में तलाशी अभियान चलाने के बाद अंतत: आरोपी को गुडामालानी तहसील के अनदारियो की बेरी गांव से दबोच लिया गया।
नशा तस्करी और हथियार का मामला
मामले में NDPS एक्ट की धारा 8(सी), 15(सी) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) के तहत केस दर्ज है। आरोपी पेशे से ड्राइवर है और स्टील दरवाजे बनाने का काम करता है। पुलिस ने गिरफ्तारी के साथ अपराध में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कड़ी निगरानी जारी है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य कड़ियों की पड़ताल की जा रही है।



