जमीन दलाली और रेस्टोरेंट की आड़ में मौत का कारोबार; जालोर का चैलसिंह और भीनमाल का अमित काबा भी शामिल
सर्कल न्यूज नेटवर्क सूरत/जालोर। गुजरात के सूरत शहर में स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डिंडोली इलाके में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई इस छापेमारी में 1 किलो से अधिक मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स बरामद की गई है। इस पूरे नेटवर्क के तार सीधे तौर पर राजस्थान के जालोर, जोधपुर और झालावाड़ जिलों से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
छापेमारी और 41.17 लाख का मुद्धेमाल जब्त SMC पुलिस स्टेशन की टीम ने 3 और 4 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात को डिंडोली स्थित रीजेंट प्लाजा (फ्लैट नंबर F-304) में दबिश दी। पुलिस ने यहाँ से 1053.65 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 31.60 लाख रुपये है। इसके अलावा 8 लाख की 2 लग्जरी गाड़ियां, 4 मोबाइल और नकदी सहित कुल 41 लाख 17 हजार 50 रुपये का मुद्धेमाल जब्त किया गया है।
खारा (जालोर) में जोधपुर NCB की कार्रवाई से कनेक्शन सूत्रों के अनुसार, कल ही जालोर के खारा गांव में NCB जोधपुर और ANTF की टीम ने बड़ी रेड की थी। आशंका जताई जा रही है कि सूरत में पकड़े गए इन सप्लायर्स का सीधा संबंध खारा में हुई कार्रवाई और राजस्थान के बड़े ड्रग सिंडिकेट से है। पुलिस अब इस पूरे ‘नेक्सस’ को खंगाल रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का पूरा विवरण: पुलिस ने मौके से तीन शातिर आरोपियों को दबोचा है:
- ओमप्रकाश रूपाराम जाट: निवासी- बोरणडागाम, लूणी, जिला जोधपुर (राजस्थान)। यह मुख्य सप्लायर है, जो पहले रेस्टोरेंट चलाता था।
- महेंद्र पुत्र सोहनलाल जोशी: हाल निवासी- डिंडोली (सूरत), मूल निवासी- कालवाना गांव, गोगुंदा, जिला उदयपुर (राजस्थान)। यह जमीन दलाली की आड़ में नेटवर्क चला रहा था।
- चैलसिंह हाथीसिंह पुरोहित: हाल निवासी- डिंडोली (सूरत), मूल निवासी- सिरानागाम, डाबली की ढाणी, तहसील सायला, जिला जालोर (राजस्थान)।
फरार आरोपी (पुलिस तलाश में जुटी): मामले में तीन मुख्य मास्टरमाइंड अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं:
- अमित काबा: निवासी- पार्वत पाटिया कैनाल रोड (सूरत), मूल निवासी- भीनमाल, जिला जालोर (राजस्थान)।
- राजेश पाटीदार: निवासी- जिला झालावाड़ (राजस्थान)। (मुख्य सप्लायर)
- कंवरपाल सिंह: निवासी- जिला झालावाड़ (राजस्थान)। (मुख्य सप्लायर)
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज PI सी.एच. पनारा और PSI आर.जी. वासवा के नेतृत्व में पुलिस ने धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि राजस्थान के झालावाड़ और जोधपुर से खेप लाकर सूरत के स्थानीय पेडलर्स को सप्लाई की जाती थी।



