उदयपुर से बस में भरकर लाई थी नशा; पुलिस की पैनी नजर ने रोडवेज बस स्टैंड के पास दबोचा
भीनमाल (जालोर)।
शिक्षा के मंदिर से तस्करी के दलदल तक! भीनमाल पुलिस ने एक ऐसी युवती को गिरफ्तार किया है जो उदयपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी, लेकिन उसके बैग में किताबों की जगह ‘मौत का सामान’ मिला। पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के पास एक गली में दबिश देकर युवती के कब्जे से 2 किलो अफीम का दूध बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना और फिल्मी अंदाज में घेराबंदी
पुलिस निरीक्षक राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक युवती भारी मात्रा में अफीम लेकर भीनमाल आ रही है। पुलिस ने पहले एक कैफे पर दबिश दी, लेकिन वहां कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद जाल बिछाकर रोडवेज बस स्टैंड के पास एक कॉम्प्लेक्स की गली से विमला चौधरी (निवासी भादरूणा, सांचौर) को घेरा गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से अफीम का दूध बरामद हुआ, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
तस्करों का नया पैंतरा: पढ़ाई की आड़ में तस्करी
पकड़ी गई युवती उदयपुर में नर्सिंग की छात्रा है। सूत्रों के अनुसार, बड़े तस्कर गिरोह अब पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसे पढ़े-लिखे नौजवानों और युवतियों का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि किसी को शक न हो। नर्सिंग की छात्रा का इस तरह तस्करी में नाम आना पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।



