बागोड़ा क्षेत्र के मेड़ा गांव में एएनटीएफ और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त दबिश, जब्त दवाओं की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपए, बालोतरा का आरोपी धराया
Circle News Network
जालोर। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में पैर पसार रहे अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने जालोर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र के मेड़ा गांव में दबिश देकर भारी मात्रा में एनडीपीएस घटक युक्त प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से 2500 नशीली टैबलेट्स जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी जा रही है।
एएनटीएफ महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार के अनुसार, विभाग को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित कर युवाओं को धड़ल्ले से नशे की गोलियां बेची जा रही हैं। इस गुप्त सूचना पर एएनटीएफ की विशेष टीम ने पहले स्तर पर पूरी जानकारी जुटाकर शिकायत की तस्दीक की।
दवा नियंत्रण अधिकारी को साथ लेकर मारा छापा
सूचना पुख्ता होते ही एएनटीएफ की टीम ने जालोर के औषधि नियंत्रण अधिकारी को साथ लिया और स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर मेड़ा गांव स्थित 'न्यू जयदीप मेडिकल शॉप' पर अचानक दबिश दी। दुकान की तलाशी लेने पर वहां से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ घटक युक्त दवाइयां बरामद हुईं।
70 ट्रामाडोल और 75 अल्प्राजोलम की पट्टियां बरामद
पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद की। विस्तृत तलाशी में टीम को 70 ट्रामाडोल और 75 अल्प्राजोलम समेत कुल 2500 नशीली टैबलेट्स हाथ लगीं। इन दवाओं को बिना किसी डॉक्टर के पर्चे और बिना वैध लाइसेंस के ऊंचे दामों पर नशेड़ियों को बेचा जा रहा था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से समस्त दवाइयां जब्त कर लीं।
बालोतरा का आरोपी गिरफ्तार
दुकान से अवैध रूप से नशीली दवाइयां बेचते पाए जाने पर टीम ने मौके से आरोपी जगदीश कुमार जाट (निवासी: समो की ढाणी, जाली खेड़ा, पुलिस थाना आरजीटी नगर, जिला बालोतरा) को दस्तयाब कर बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस काले कारोबार में जालोर व बालोतरा जिले के और कौन-कौन से तस्कर शामिल हैं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां