सांसद चौधरी ने लोकसभा में नियम 377 के अधीन आदर्श सोसायटी का मामला उठाया
सर्किल विशेष / नई दिल्ली जालोर-सिरोही से सांसद लुम्बाराम चौधरी ने मंगलवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत जालोर (राजस्थान) सहित देशभर के लाखों गरीब निवेशकों के साथ हुए बहुचर्चित आदर्श क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी घोटाले का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि किस तरह से लुभावनी योजनाओं का झांसा देकर गरीब जनता की गाढ़ी कमाई लूट ली गई और परिपक्वता अवधि पूरी होने पर सोसाइटी ने हाथ खड़े कर दिए।
8 हजार करोड़ का निवेश, शैल कंपनियों में खपाया पैसा सांसद चौधरी ने लोकसभा में खुलासा किया कि केवल राजस्थान में ही इस सोसाइटी की 309 शाखाएं संचालित थीं, जिनमें करीब 10 लाख से अधिक निवेशकों ने लगभग 8 हजार करोड़ रुपये जमा कराए थे। इसमें नरेगा मजदूर, ठेले-रिक्शा वाले, छोटे किसान, दैनिक मजदूर, छोटे व्यापारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अपनी जमा पूंजी को दोगुना करने का सपना देखने वाले इन मासूम लोगों की गाढ़ी कमाई को सोसाइटी ने शैल (फर्जी) कंपनियों में ट्रांसफर कर भारी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
संपत्तियां कुर्क, लिक्विडेटर नियुक्त; अब केवल राहत का इंतजार चौधरी ने सदन को अवगत कराया कि आदर्श क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी ने कई वित्तीय और कानूनी अधिनियमों के प्रावधानों का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन किया है। इसी के चलते सोसाइटी की संपत्तियों को कुर्क किया जा चुका है, बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है और परिसमापन के लिए लिक्विडेटर भी नियुक्त हो चुका है। सांसद ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि प्रक्रिया में तेजी लाकर पीड़ितों का डूबा हुआ पैसा जल्द से जल्द वापस दिलवाया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां