सर्कल न्यूज नेटवर्क। रानीवाडा।
पीएम श्री विद्यालयों के सुदृढीकरण और शैक्षिक गुणवत्ता को बढाने के उद्देश्य से अन्य विद्यालयों के साथ साझेदारी कार्यक्रम के तहत एक सराहनीय पहल देखने को मिली। इसी कडी में पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लाछीवाड का गोलिया (सरनाऊ) के विद्यार्थियों और शिक्षकों के दल ने स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल रानीवाडा का भ्रमण किया।
30 विद्यार्थियों का दल पहुंचा स्कूल
पीएम श्री प्रभारी जवाराम के नेतृत्व में 30 विद्यार्थियों का एक दल मॉडल स्कूल पहुंचा। इस दौरान विद्यालय के अध्यापक प्रकाश चंद्र, सोहनी और कमलेश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नए नवाचारों से अवगत कराना और मॉडल स्कूल की उन्नत कार्यप्रणाली को समझाना था।
आधुनिक सुविधाओं का किया अवलोकन
भ्रमण के दौरान व्याख्याता नारायण लाल ने विद्यार्थियों को विद्यालय की विभिन्न शैक्षिक और सह-शैक्षिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों ने बडे उत्साह के साथ प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, खेल कक्ष, कक्षा-कक्ष और गार्डन का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से स्मार्ट क्लास और आधुनिक तकनीकों को देखकर खासी रुचि दिखाई और वार्तालाप के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया।
अंत में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल रानीवाडा के प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार ने विद्यालय में भ्रमण के लिए आए दल का आभार प्रकट किया और इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतरीन कदम बताया।



