राजकीय उमाजी ओखाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय मालवाड़ा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, पोक्सो एक्ट व ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने का दिया संदेश
रानीवाड़ा (जालोर)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालोर के निर्देशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति रानीवाड़ा के तत्वावधान में स्थानीय राजकीय उमाजी ओखाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मालवाड़ा में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके बुनियादी कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक बनाना रहा।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं और पोक्सो (POCSO) एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। पीएलवी चंदूलाल भील ने विद्यार्थियों को न्याय तक आमजन की पहुंच, नि:शुल्क कानूनी सहायता तथा सरकारी कल्याणकारी सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी देते हुए अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
साइबर अपराध व ऑनलाइन ठगी से रहें सतर्क: प्रधानाचार्य
विद्यालय के प्रधानाचार्य हंन्जारीमल माली ने विद्यार्थियों को आधुनिक दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से आगाह किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं ऑनलाइन गेमिंग, अनजान कॉल-मैसेज, संदिग्ध लिंक और बैंक फ्रॉड से बेहद सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी (OTP) साझा न करने की सख्त सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने विधिक साक्षरता को समाज के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए ऐसे शिविरों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
इस अवसर पर व्याख्याता चोथाराम, भंवरलाल माली, अमरदान, अशोक कुमार, कमलेश कुमार विश्नोई, भरत कुमार गर्ग, मुकेश कुमार चौधरी, प्रदीप मालवीय, चंद्र प्रकाश, हापुराम, भोपाराम, मंजू कुमारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां