भीनमाल। ग्राम कोडिटा के ओरण में बकरियां चराने गए 73 वर्षीय बुजुर्ग रामाराम देवासी की बेरहमी से हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले में भीनमाल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने प्रकरण में वांछित दूसरे मुख्य आरोपी पन्नाराम बागरी को जोधपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी मानाराम उर्फ मोनिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पगड़ी से बांधकर की थी बर्बरता, इलाज के दौरान तोड़ा था दम
घटना 9 दिसंबर 2025 की है, जब कोडिटा निवासी रामाराम देवासी ओरण में बकरियां चरा रहे थे। अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग के साथ जमकर मारपीट की और उनके कान की सोने की मुरकियां, हाथों के चांदी के कड़े, मोबाइल और पर्स लूट लिया। निर्दयी लुटेरों ने बुजुर्ग को उनकी ही पगड़ी से हाथ-पैर बांधकर मरणासन्न स्थिति में छोड़ दिया था। अस्पताल में लंबे इलाज के बाद पीड़ित ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी थीं।


हेड कांस्टेबल लाभुराम और कांस्टेबल भरत की 'खास' भूमिका
डीएसपी शंकरलाल मसुरीया ने इस पूरे खुलासे में पुलिस टीम के दो जवानों की भूमिका को विशेष रूप से सराहा है। डीएसपी के अनुसार, हेड कांस्टेबल लाभुराम (बेल्ट नंबर 653) और कांस्टेबल भरत कुमार (बेल्ट नंबर 977) ने इस केस को सुलझाने में तकनीकी साक्ष्य जुटाने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने में दिन-रात एक कर दिया।
"हेड कांस्टेबल लाभुराम और कांस्टेबल भरत कुमार की फील्ड इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण की वजह से ही हम आरोपियों तक पहुंच पाए। इन दोनों जवानों की मेहनत ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में रीढ़ की हड्डी का काम किया है।"
— शंकरलाल मसुरीया, डीएसपी (वृताधिकारी), भीनमाल
तकनीकी सहायता और सीसीटीवी से दबोचा गया आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया और एएसपी मोटाराम गोदारा के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल का एफएसएल मुआयना करवाकर साक्ष्य जुटाए थे। पहले पकड़े गए आरोपी मानाराम से पूछताछ के बाद पन्नाराम पुत्र गंगाराम बागरी (निवासी नुन, हाल जालोर) का नाम सामने आया था। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए शुक्रवार को आरोपी पन्नाराम को जोधपुर शहर से धर दबोचा।
कार्रवाई में शामिल टीम: इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल लाभुराम, कांस्टेबल भरत कुमार, रतनाराम और दीपाराम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी पन्नाराम से गहन पूछताछ कर रही है ताकि लूटा गया माल बरामद किया जा सके।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां