जालौर पुलिस ने एक सनसनीखेज अपहरण और फिरौती के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। भीनमाल थाना पुलिस ने गांव दांतीवास से अपहृत हुए भंवरलाल विश्नोई को मात्र 12 घंटे के भीतर अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करा लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपहरणकर्ता पीड़ित के परिजनों से 43 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे और धमकी दी थी कि पैसा नहीं देने पर दोनों भाइयों (भंवरलाल और मनोहरलाल) की लाश मिलेगी।

क्या था पूरा मामला?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रार्थी करण पुत्र आदूराम विश्नोई निवासी कावाखेड़ा, दांतीवास ने 01.10.2025 को भीनमाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई मनोहरलाल का मुलजिम जयप्रकाश पुत्र हेमाराम विश्नोई निवासी फूलण के साथ बेंगलुरु में व्यवसाय को लेकर साझेदारी थी। जयप्रकाश द्वारा कथित तौर पर राशि का गबन करने को लेकर विवाद था।
01 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे, करण के भाई भंवरलाल और 2-3 अन्य लोग गरबा देखकर लौट रहे थे। दांतीवास से कावा खेड़ा जाने वाले रास्ते पर एक क्रेटा और एक बिना नम्बरी केम्पर गाड़ी में सवार करीब 10-12 लोगों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर जबरन रोकने का प्रयास किया। अपहरणकर्ताओं ने उन पर फायरिंग भी की। इसके बाद, उन्होंने भंवरलाल को जबरन गाड़ी समेत अगवा कर लिया और साथ वालों को धमकी दी कि अगर भंवरलाल के पिता ने 43 लाख रुपये जयप्रकाश को नहीं दिए तो भंवरलाल और मनोहरलाल दोनों की लाश मिलेगी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पर्दाफाश
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए, श्री मोटाराम आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जालौर के निर्देशानुसार और श्री अन्नराजसिंह, पुलिस उप अधीक्षक, भीनमाल के निकटतम सुपरविजन में श्री रामेश्वर भाटी निरीक्षक पुलिस के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम मौजा भीमगुड़ा बस स्टैंड तिराया पहुंची, जहां अपहृत भंवरलाल उपस्थित मिले। भंवरलाल से पूछताछ में उन्होंने बताया कि अपहरण करने वाले क्रेटा गाड़ी में राजु पुत्र प्रभु ईशरवाल निवासी नयावाडा, श्रवण पुत्र किशना विश्नोई निवासी जोगाउ और दो अन्य लोग थे, जिन्होंने उनके साथ मारपीट भी की।
पुलिस टीम भंवरलाल को बंधक बनाकर रखने वाले स्थान पर पहुंची और वहां से मकान मालिक पांचाराम पुत्र हरमलराम गोदारा विश्नोई निवासी सुराचंद, पुलिस थाना सरवाना को दस्तयाब किया। गहन पूछताछ में आरोपी पांचाराम ने भंवरलाल को अपने घर पर बंधक बनाकर रखने और मुख्य मुलजिमों को शरण देने की बात स्वीकार की, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अपहृत भंवरलाल का मेडिकल करवाकर उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब अन्य मुख्य अभियुक्तों, विशेष रूप से मास्टरमाइंड जयप्रकाश विश्नोई और kidnapping में शामिल राजू व श्रवण की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार पांचाराम से पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम में निरीक्षक रामेश्वर भाटी सहित उप निरीक्षक गनी मोहम्मद, सउनि. पुनमचंद, हैड कांस्टेबल 385, और कांस्टेबल मदनलाल, रामलाल, भजनलाल, दिनेशकुमार (997), दिनेशकुमार (1122) एवं डालुराम शामिल थे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां