कस्बे की कीमती भूमि की जबरन रजिस्ट्री और गोविंद के अपहरण को लेकर परिजनों में आक्रोश, पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में दर्ज किया केस
जसवंतपुरा (जालोर)। कस्बे में करोड़ों की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में अब एक युवक के अपहरण की घटना सामने आने से सनसनी फैल गई है। जमीन सौदे से जुड़े इस मामले में चार लोगों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसवंतपुरा निवासी एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उनके पुत्र गोविंद के नाम जबरन दस्तावेज तैयार करवाए गए, जबकि परिवार की ओर से कोई जमीन संबंधी सौदा नहीं किया गया था। इसके बाद जमीन पर नामांतरण करवा दिया गया।
प्रार्थी के अनुसार, अब महिपालसिंह पुत्र शंभूसिंह निवासी हडमतीया, हरिसिंह पुत्र केसरसिंह व दशरथसिंह पुत्र इन्द्रसिंह निवासी जीतपुरा तथा परबतसिंह पुत्र नारायणसिंह निवासी कलापुरा ने मिलकर उनके पुत्र गोविंद का अपहरण कर उसे गायब कर दिया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जसवंतपुरा पुलिस ने सीआर संख्या 79/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 127(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की जांच स्वयं थाना प्रभारी गुमानसिंह भाटी कर रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह भूमि सौदा करोड़ों रुपये का है और क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे जमीन विवादों में से एक है। इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है।
स्थानीय लोगों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
इस मामले के सामने आने के बाद कस्बेवासियों और सामाजिक संगठनों ने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि भूमाफियाओं द्वारा दबाव बनाकर की जा रही जबरन रजिस्ट्रियों पर लगाम लगाई जानी चाहिए।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां