सांचौर। जालोर जिले में कल 10 फरवरी को समस्त सरकारी स्कूलों में आयोजित करियर कुंभ मेले में छात्रों को भविष्य की राह दिखाई गई। विद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत मां वीणापाणी की वंदना से हुई। इसी क्रम में सांचौर उपखंड के काछेला ग्राम पंचायत मुख्यालय की सरकारी हाई स्कूल में सांचौर के सहायक पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले ने भाग लिया।

आईपीएस शरण ने बताया कि हर महान काम की शुरुआत एक छोटे से सपने से होती है। इसी तरह यूपीएससी परीक्षा में सफलता पाने के लिए दृढ़ संकल्प और समर्पण की आवश्यकता होती है। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा के महत्व और इसके द्वारा प्रदान की जाने वाली अद्वितीय अवसरों के बारे में बताएं। यूपीएससी न केवल एक परीक्षा है बल्कि यह आपके देश की सेवा करने का एक प्लेटफार्म है। आईएएस, आईपीएस और आईएफएस जैसे प्रतिष्ठित पदों पर कार्य करने का मौका मिलता है।

उन्होंने इस पेशे में आने वाली चुनौतियों और कठिनाइयों के बारे में बताते हुए कहा कि यूपीएससी की तैयारी के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन याद रखें हर संघर्ष सफलता की ओर एक कदम है। नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं। अपनी तैयारी में समर्पित रहें और लगातार मेहनत करें। ऑनलाइन कोर्स, कोचिंग क्लासेस, और स्टडी मटेरियल का सही उपयोग करें। आपका परिवार और शिक्षक भी आपकी सहायता कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कक्षा 7वीं में अध्ययन के दौरान आईपीएस बनने का सपना देखा था, वो मेरे लिए जुनून जैसा रहा। इस जुनून को हासिल करने के लिए इंजिनियरिंग के बाद लाखों का पैकेज भी ठुकरा दिया। घर की माली हालात खराब होने के बावजूद सरकारी स्कूलों में पढाई और सरकारी छात्रवृति के भरोसे कठोर संकल्प को हासिल करने में सफलता हासिल की।
आइपीएस कांबले ने बताया कि हमेशा याद रखें, आपकी सफलता आपके हाथ में है। सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से आप हर चुनौती का सामना कर सकते हैं। हमारे जैसे बहुत से सफल उम्मीदवारों ने भी कठिनाइयों का सामना किया है, लेकिन दृढ़ संकल्प और मेहनत ने हमे सफलता दिलाई।

इसी तरह, करियर मेले में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों जैसे एसबीआई बैंक अधिकारी घनश्याम मीणा, आरबीएल बैंक फाइनेंसर भंवरलाल कुराड़ा, काछेला पावर प्लांट एचडी रितेश कुमार, प्लांट इंजीनियर एसके मेहता ने और अन्य ने छात्रों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। विद्यालय के संस्था प्रधान श्रवण कुमार विश्नोई ने परंपरागत विषयों के साथ-साथ नवीन विषयों में दक्षता हासिल करने पर जोर दिया और छात्रों को शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा नशे से दूर रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉल लगाए, जबकि कक्षा 5 से 8 के बच्चों ने मेले में सक्रिय भागीदारी की। छात्रों ने करियर कैलेंडर, हैंडीक्राफ्ट, ड्रेस डिजाइनिंग, भारतीय संगीत, कृषि यंत्र, सिलाई, क्ले आर्ट और विज्ञान प्रयोगशाला सहित विभिन्न क्षेत्रों के मॉडल प्रस्तुत किए। इसी दौरान विद्यालय में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
लखनराज मीणा ने शिक्षा के शिक्षक क्षेत्र में जाने के बारे में बताया। मीणा ने बैंकिंग क्षेत्र में करियर के अवसरों के बारे में बताया। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के बारे में एवं उसके बारे में चर्चा की। निजी क्षेत्र में भी रोजगार की खूब अवसर है मात्र सरकारी क्षेत्र पर निर्भर नहीं रहे। प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती है प्रतिभाशाली व्यक्ति हर क्षेत्र में अग्रणी रहता है। भैरसिंह राव ने बच्चों को रोजगार के नए-नए अवसर एवं क्षेत्र के बारे में बताया।
व्याख्याता मोहनलाल पुरोहित ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भंवरलाल बिश्नोई वरिष्ठ अध्यापक, लखनराज मीणा, अशोक कुमार लोल, अध्यापक मोहनलाल, रमेश कुमार खोखर, राजूराम बिश्नोई, मसराराम, समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की और छात्रों को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां