मेवाड़ से मारवाड़ तक फैला तस्करी का जाल, पुलिस की घेराबंदी देख तस्करों ने कच्चे रास्तों पर दौड़ाई गाड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार
भीनमाल/जालोर। क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। महानिरीक्षक पुलिस (आईजीपी) एएनटीएफ विकास कुमार के निर्देशन और कुशल नेतृत्व में टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक स्विफ्ट कार से 109.883 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा-पोस्त बरामद करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर एक शातिर आरोपी को दस्तयाब किया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
खुफिया इनपुट पर एक्टिव हुई एएनटीएफ की टीम
जानकारी के अनुसार, आईजीपी एएनटीएफ विकास कुमार की मॉनिटरिंग में टीम को एक पुख्ता आसूचना मिली थी कि मेवाड़ क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध डोडा-चूरा भरकर एक स्विफ्ट कार भीनमाल-बागोड़ा की तरफ आ रही है। इस इनपुट पर टीम तुरंत एक्टिव हुई और तस्करों के संभावित रूट पर पैनी निगरानी शुरू की गई। इस दौरान जानकारी सामने आई कि संदिग्ध कार उदयपुर, रणकपुर और जालोर होते हुए रामसीन के रास्ते भीनमाल की तरफ बढ़ रही है। सूचना की तस्दीक होते ही एएनटीएफ की टीम ने भीनमाल-रामसीन रोड पर गुप्त तरीके से नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

स्टॉप स्टिक देखकर तस्करों ने बढ़ाई रफ्तार, 5 किलोमीटर तक काटा गदर
भीनमाल-रामसीन रोड पर निगरानी के दौरान टीम को एक स्विफ्ट कार अत्यंत तेज गति से आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी को रोकने के लिए आगे स्टॉप स्टिक लगाने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर बेहद शातिर निकले। चालक ने चतुराई से गाड़ी को स्टॉप स्टिक से बचाते हुए और तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया।
इसके बाद शुरू हुआ फिल्मी चेज। एएनटीएफ की टीम ने तुरंत अपनी गाड़ियों से तस्करों का पीछा करना शुरू किया और साथ ही स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट कर नाकाबंदी के निर्देश दिए। खुद को घिरता देख शातिर तस्करों ने भीनमाल कस्बे के अंदर घुसने से ठीक पहले अपनी कार को अचानक यू-टर्न पर घुमा दिया और गाड़ी को कच्चे रास्तों पर डाल दिया। तस्करों ने कच्चे रास्तों पर करीब 4 से 5 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई, लेकिन एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त घेराबंदी के आगे उनकी एक न चली।
घेराबंदी देख गाड़ी छोड़ भागे, पुलिस ने दौड़कर दबोचा
आगे रास्तों पर स्थानीय पुलिस द्वारा की गई मजबूत नाकाबंदी को देखकर तस्करों को समझ आ गया कि अब बचना नामुमकिन है। इस पर तस्कर चलती गाड़ी को छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने भी पीछे दौड़ लगा दी और घेराबंदी करते हुए एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। स्थानीय पुलिस ने जब लावारिस छूटी स्विफ्ट कार (नम्बर जीजे 01 डब्लूडी 5851) की सघन तलाशी ली, तो उसमें बोरों में भरा हुआ कुल 109.883 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कुख्यात स्मगलर है गिरफ्तार आरोपी, पहले भी दर्ज हैं संगीन मामले
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान विकास कुमार पुत्र सुजाराम, जाति विश्नोई (धेतरवाल), उम्र 23 साल, निवासी कुकावास, पुलिस थाना बागोड़ा, जिला जालोर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास कुमार आदतन मादक पदार्थ तस्कर है और उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि यह खेप मेवाड़ में किस सप्लायर से लाई गई थी और मारवाड़ क्षेत्र में इसे कहां और किन-किन लोगों को डिलीवर किया जाना था। इस बड़ी कार्रवाई का पूरा श्रेय आईजीपी एएनटीएफ विकास कुमार के सटीक मार्गदर्शन और टीम की त्वरित कार्यप्रणाली को जाता है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां