स्कार्पियो से कुचलने के वायरल वीडियो पर ऐक्शन: भारी पुलिस जाब्ते के साथ पुनासा में हुई छापेमारी, अवैध कारोबार की काली कमाई और कारतूस जब्त, मुख्य आरोपी अब भी फरार
भीनमाल (जालौर)। कस्बा भीनमाल में पिछले दिनों स्कार्पियो गाड़ी से टक्कर मारकर एक युवक को जान से मारने की कोशिश और सरेआम बेरहमी से मारपीट करने के मामले में जालौर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। घटना के वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने इस वारदात के मुख्य आरोपी व हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर भजनलाल के पुनासा स्थित रहवासीय मकान पर भारी जाब्ते के साथ दबिश दी। इस छापेमारी में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहाँ से अवैध हथियार के कारतूस और लाखों रुपए की नकदी जब्त की गई है।
ये है पूरा मामला
गत 22 मई 2026 को कस्बा भीनमाल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी। हार्डकोर अपराधी व हिस्ट्रीशीटर भजनलाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक स्कार्पियो गाड़ी और पिकअप ट्रोला से जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने पीड़ित कृष्णदेवासी को गाड़ी से टक्कर मारकर ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया और उसके साथ गंभीर मारपीट की। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस थाना भीनमाल में मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं।
भाई की निशानदेही पर मिला ‘काली कमाई’ का खजाना
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जालौर) मोटाराम गोदारा के निर्देशानुसार और वृत्ताधिकारी (भीनमाल) शंकरलाल मसुरीया के सुपरविजन में भीनमाल थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह निपु मय जाब्ता जांच में जुटे थे।
आज 29 मई 2026 को पुलिस ने पुनासा में दबिश देकर मुख्य आरोपी भजनलाल के सगे भाई हनुमानाराम को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उसकी निशानदेही पर भजनलाल के घर की सघन तलाशी ली, तो पुलिस की आंखें फटी रह गईं। घर से:
- 06 अवैध आर्म्स कारतूस बरामद किए गए।
- अवैध कारोबार से अर्जित की गई 10 लाख 16 हजार रुपए की नकदी (कैश) जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: हनुमानाराम पुत्र केसाराम विश्नोई
- उम्र: 32 साल
- निवासी: चारणियों की ढाणी पुनासा, पुलिस थाना भीनमाल, जालौर।
पुलिस ने आरोपी हनुमानाराम को गिरफ्तार कर लिया है और भजनलाल व हनुमानाराम दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में नया प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध कारतूस और इस काली कमाई के स्रोतों को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है, जबकि मुख्य आरोपी भजनलाल की तलाश में छापेमारी जारी है।
अपराध की उम्र कितनी भी लंबी क्यों न हो, कानून के हाथ उससे भी लंबे होते हैं। सोशल मीडिया पर खौफ का वीडियो वायरल कर जो अपराधी खुद को कानून से ऊपर समझ रहे थे, आज पुलिस ने उनके घर में घुसकर उनके अवैध साम्राज्य की कमर तोड़ दी है। यह कार्रवाई आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में खौफ का जीवंत उदाहरण है।



