राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय प्रतिवर्ष करता है आयोजन, गुरु की महिमा पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश
रानीवाड़ा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा संकुल स्तरीय गुरु वंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला में किया गया। कार्यक्रम में पूनमसिंह पवार प्रधानाचार्य राउमावि बिलड़ मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता कार्यवाहक पीईईओ पुखराज चौधरी ने की। मुख्य वक्ता प्रदेश सह संगठन मंत्री मुकेश कुमार जोशी ने गुरु की महिमा और गुरु-शिष्य परंपरा का विस्तार से उल्लेख किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद संकुल के समस्त गुरुजनों का पूर्व विद्यार्थी परिषद की ओर से मंगल तिलक, माल्यार्पण, श्रीफल, दुपट्टा, लेखनी व डायरी भेंटकर सम्मान किया गया। कक्षा बारहवीं की छात्राओं ने गुरु महिमा पर गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता मुकेश कुमार जोशी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पावन दिवस गुरु के प्रति श्रद्धा व समर्पण का पर्व है। उन्होंने समर्थ गुरु रामदास व छत्रपति शिवाजी, विरजानंद और दयानंद सरस्वती, चाणक्य और चंद्रगुप्त के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज राष्ट्र को शक्तिवान और ज्ञानवान बनाने के लिए इस परंपरा की पुनरावृत्ति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना शांतिमय और श्रेष्ठ जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। गुरु ही शिष्य को नर से नारायण और शव से शिव बना सकता है।
उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से आह्वान किया कि वे छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी समस्त ऊर्जा समर्पित करें। कार्यक्रम को अर्जुन कुमार देवासी, पुखराज चौधरी व पूनमसिंह पवार ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम आयोजक एवं शिक्षक संघ राष्ट्रीय के संभाग संयुक्त मंत्री दीपसिंह देवल ने बताया कि राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय एकमात्र ऐसा संगठन है, जो प्रतिवर्ष शिक्षक सम्मान एवं वंदन कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षक की समाज में प्रतिष्ठा को बढ़ाने का कार्य करता है। उन्होंने सभी शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नरेश पंवार, छगनाराम सुथार, जेमताराम चौधरी, मोतीलाल, अमिता कुमारी, कृष्ण कुमार दहिया, हनुमान विश्नोई, चम्पालाल जीनगर, जगदीश कुमार जीनगर, लीलाराम गहलोत, महेन्द्र देवासी, चेनाराम, मंजू यादव, खंगाराराम, अशोक कुमार सैनी, अजीतसिंह, पंकज कुमार, रविन्द्र बघेल, विक्रम सिंह देवल, दुर्जन सिंह, साहिल चित्तौड़ा, चौथाराम, रमेश माहेश्वरी, भामाशाह सुरेश कुमार पुरोहित, दिनेश कुमार पुरोहित, विलास कुमार माली, मुकेश कुमार दर्जी, गजेन्द्र सिंह, पूर्ण सिंह सहित पूर्व विद्यार्थी परिषद के सदस्य, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शैलेष कुमार गर्ग ने किया।
— सर्कल न्यूज़ संवाददाता







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां