भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने गिनाईं भीनमाल विधानसभा की उपलब्धियां, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान’ मॉडल का जताया आभार
भीनमाल (जालोर)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘ग्राम रथ’ का भीनमाल विधानसभा क्षेत्र के कालेटी ग्राम पंचायत पहुंचने पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-धमाकों के साथ रथ का स्वागत किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन की सराहना की।
कृषि की आधुनिक तकनीक और ‘ग्राम’ मीट पर चर्चा ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के बारे में किसानों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे इस रथ के माध्यम से ग्रामीणों को खेती-किसानी की नई तकनीकों की जानकारी दी गई। कालेटी ग्राम पंचायत मुख्यालय भवन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि किस प्रकार उन्नत तकनीक अपनाकर किसान अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में ‘विकसित राजस्थान’ का मॉडल पेश करने और योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने के प्रयासों के लिए ग्रामीणों ने सरकार का आभार व्यक्त किया।

दो वर्षों के विकास कार्यों का रखा लेखा-जोखा सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार की जनहितैषी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भीनमाल विधानसभा क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल के क्षेत्र में हुए कार्यों को गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता की सेवा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में दिखा भारी उत्साह ग्राम रथ के स्वागत कार्यक्रम के दौरान कालेटी और आस-पास के गांवों से आए लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं को अपने द्वार पर पाकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर कई भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बूथ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विकसित राजस्थान के संकल्प को दोहराया।



