सर्कल न्यूज़ नेटवर्क। भीनमाल (जालौर)।
जालौर पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में भीनमाल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जेरण के एक रहवासीय घर से चोरी किए गए 15 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इस मामले में चोरी का माल सस्ते दामों पर खरीदने वाले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दो कबाड़ी गिरफ्तार, सोने-चांदी का व्यापारी भी शामिल
मोटाराम गोदारा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जालौर के निर्देशानुसार और अन्नराज राजपुरोहित, पुलिस उप अधीक्षक के सुपरविजन में थानाधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपी शाहरुख से सस्ते दामों पर चोरी के जेवरात खरीदने वाले दो मुख्य आरोपी कस्बे में मौजूद हैं। इस पर दबिश देते हुए दिनांक 02.10.2025 को वांछित आरोपी हैदरखान और राजुशाह को दस्तयाब किया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों ने पूर्व में गिरफ्तार हुए आरोपी शाहरुख से चोरी का माल खरीदना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हैं:
- हैदरखान पुत्र बशीरखान (उम्र 29 साल, गैराज और मोटरसाइकिल पार्ट्स का काम)
- राजुशाह पुत्र असकरशाह (उम्र 30 साल, सोने-चांदी की दुकान का व्यापारी)
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा माल मसरूका (लगभग 15 लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात) बरामद कर लिया है।
बेटे ने ही दिया था वारदात को अंजाम
इस पूरे मामले की शुरुआत 19.09.2025 को हुई थी, जब प्रार्थी उत्तमसिह निवासी जेरण ने थाना भीनमाल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उनका 20 वर्षीय पुत्र रेवतसिंह 13.09.2025 को सब्जी लेने का कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
इसके बाद जब 16.09.2025 को उत्तमसिह ने घर का मजू (कमरा) खोलकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और उनकी पत्नी के कीमती जेवरात गायब थे। उन्हें संदेह हुआ कि जेवरात उनके पुत्र रेवतसिंह ने ही चोरी किए हैं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही इस चोरी के मुख्य आरोपी रेवतसिंह (पीड़ित का पुत्र) और उसके चार अन्य साथियों- सद्दामखान, युसुफखान, शाहरुखखान और शाबीरखान को गिरफ्तार कर लिया था।
नवीनतम कार्रवाई में चोरी के माल को सस्ते में खरीदने वाले हैदरखान और राजुशाह की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, और चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां