भीनमाल | पुलिस ने फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। भीनमाल पुलिस ने लंबे समय से वांछित और 5,000 रुपये के ईनामी अपराधी गोविंद राम को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।
राजकार्य में बाधा और हमले का मामला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम और वृताधिकारी शंकरलाल मसूरिया के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी गोविंद राम (29), निवासी नरता, पर आरोप है कि उसने 25 मई 2025 को पुलिस जाब्ते के साथ धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा उत्पन्न की थी और पुलिस टीम पर हमला किया था। पुलिस ने घेराबंदी कर शनिवार को उसे भीनमाल कस्बे से दस्तयाब किया।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
पकड़ा गया आरोपी गोविंद राम आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध भीनमाल सहित जोधपुर के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
- भीनमाल (2015): मारपीट और रास्ता रोकने का मामला।
- सुरसागर, जोधपुर (2020): धोखाधड़ी और अमानत में खयानत (धारा 420, 406)।
- चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, जोधपुर (2021): धोखाधड़ी का एक और मामला।
- भीनमाल (2022): हत्या (धारा 302) और मारपीट जैसे संगीन मामले में आरोपी।
टीम की मुस्तैदी लाई रंग
ईनामी अपराधी को दबोचने वाली टीम में सउनि वजाराम, हैड कांस्टेबल किशनलाल (722), कांस्टेबल त्रिलोकसिंह (869) और भरतकुमार (977) शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



