भीनमाल, जालोर: जिले में अपराध नियंत्रण के तहत पुलिस थाना भीनमाल द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई में रात्रि में रास्ता रोककर मारपीट, अपहरण एवं लूटपाट के प्रकरण में मुख्य अभियुक्त सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देशन में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मोटाराम गोदारा एवं पुलिस उप अधीक्षक श्री अन्नराज राजपुरोहित के सुपरविजन में थाना प्रभारी श्री रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
घटना का विवरण
दिनांक 26 अप्रैल 2025 को प्रार्थी सालुराम पुत्र जेठाराम देवासी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका पुत्र दुदाराम अपनी फोरच्यूनर कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान जेरण और जुंजाणी के बीच एक बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो ने उसकी गाड़ी को रोका। उसमें सवार 5-6 अज्ञात व्यक्तियों ने लाठियों से हमला कर मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की।
हमलावरों ने सोने की चार अंगूठी, हाथ का लोकेट, पांच तोले की सोने की चैन और 20,000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, और गुप्त जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। लगातार निगरानी के बाद दिनांक 11 मई 2025 को पांच आरोपियों को सेवड़ी क्षेत्र से दस्तयाब कर पूछताछ की गई, जिसमें सभी आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
- बरकत खान पुत्र हुसैन खान (22 वर्ष) निवासी सेवड़ी, थाना बगोडा
- रहमान खान पुत्र सतार खान (25 वर्ष) निवासी खोखा, थाना बगोडा
- अल्ताफ खान पुत्र हनीफ खान (22 वर्ष) निवासी सेवड़ी, थाना बगोडा
- नवाब खान पुत्र लतीफ खान (32 वर्ष) निवासी कोरी ध्वेचा, थाना बगोडा
- इल्यास खान पुत्र हनीफ खान (20 वर्ष) निवासी सेवड़ी, थाना बगोडा
इन आरोपियों से घटना में प्रयुक्त वाहन स्कॉर्पियो (RJ 46 UA 1515) को जब्त किया गया और गहन पूछताछ एवं बरामदगी को लेकर पुलिस का अनुसंधान जारी है।
सफल पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में अनुसंधान अधिकारी गोपाल सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
जिले में अपराध पर लगाम लगाने और आमजन को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन का यह प्रयास सराहनीय है।



