गांधीनगर। गुजरात की भूपेंद्र पटेल सरकार के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। नए मंत्रिमंडल का शपथ समारोह कल, यानी शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे महात्मा मंदिर में आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल आचार्य देवव्रत सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस बड़े फेरबदल के संकेत उस वक्त और पुख्ता हो गए जब केंद्रीय हाईकमान के दिग्गज नेता गांधीनगर पहुंचे।
सीएम सौंपेंगे मंत्रियों की लिस्ट
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज शाम राज्यपाल को नए मंत्रिमंडल के सदस्यों की सूची सौंपेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफा देने वाले मंत्रियों में से 4 से 5 चेहरे रिपीट हो सकते हैं, जिनमें से कुछ को प्रमोशन और कुछ के विभागों में बदलाव होने की संभावना है। नए मंत्रिमंडल के पूर्ण आकार (27 सदस्यीय) का होने की संभावना है, साथ ही उप-मुख्यमंत्री का समीकरण भी बन सकता है।
अचानक रद्द हुई कैबिनेट बैठक
सामान्य तौर पर हर बुधवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक 15 अक्टूबर को नहीं हुई। गुरुवार के लिए बैठक तय की गई थी, लेकिन अचानक आज की कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई। अब मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ही कैबिनेट की बैठक होने की संभावना है। सभी भाजपा विधायकों और मंत्रियों को दो दिनों तक गांधीनगर में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईकमान के नेताओं का जमावड़ा
सरकार में बड़े बदलाव का संकेत देते हुए भाजपा के कई शीर्ष नेता आज गांधीनगर पहुंचे हैं:
- राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुनील बंसल गुजरात पहुंच चुके हैं। उन्होंने सर्किट हाउस में संगठन महामंत्री रत्नाकर और गांधीनगर शहर भाजपा अध्यक्ष आशीष दवे से मुलाकात की।
- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और गुजरात के प्रभारी भूपेंद्र यादव भी आज शाम गांधीनगर पहुंचे।
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद जे.पी. नड्डा शाम 6 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हुए।
- आम तौर पर सिर्फ विस्तार के समय हाईकमान के इतने नेता मौजूद नहीं रहते हैं, इसलिए सरकार में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं।
रात 8 बजे सीएम आवास पर अहम बैठक
आज रात 8 बजे मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, मुख्यमंत्री सहित अन्य प्रमुख नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में चर्चा की जाएगी कि किन विधायकों को मंत्री पद दिया जाना है। बैठक के बाद देर रात विधायकों को फोन पर मंत्री पद की शपथ लेने के बारे में सूचित किया जाएगा। अधिकतर विधायक भी अपने निवास स्थान पर पहुंच चुके हैं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां