केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बनासकांठा की दो महत्वपूर्ण समस्याओं पर लिखित शिकायत के बाद जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। बनासकांठा लोकसभा सांसद गेनीबेन ठाकोर ने गडकरी और विभाग के मुख्य सचिव उमाशंकर के समक्ष ये मुद्दे उठाए थे।
भारतमाला एक्सप्रेस-वे: किसानों को मिलेगा उचित मुआवजा
सांसद गेनीबेन ने थराद-अहमदाबाद भारतमाला एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के मुआवजे का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की है कि किसानों को मुआवजे का भुगतान वर्ष 2011 की जंत्री दरों के बजाय, वर्ष 2025 की अद्यतन जंत्री दरों के अनुसार किया जाए।
सांसद की प्रस्तुति के बाद, यह भी बताया गया कि अब मुआवजा उस तालुका के सबसे ऊंचे दर वाले गांव के अनुसार किया जाएगा जिससे सड़क गुजरती है। शहरी क्षेत्रों की जमीनों को बाजार मूल्य पर आंकने और किसान हित को प्राथमिकता देते हुए लोक समिति की सिफारिशों के अनुरूप भुगतान करने का आश्वासन परिवहन मंत्री द्वारा लोकसभा में दिया गया है।
पालनपुर एरोमा सर्कल पर बनेगा ओवरब्रिज
दूसरी महत्वपूर्ण समस्या पालनपुर एरोमा सर्कल पर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम की थी। इस समस्या पर गडकरी को प्रस्तुति देने के बाद यह प्रत्यूत्तर मिला है कि आगामी समय में यहाँ ओवरब्रिज की सख्त जरूरत है।
मंत्री ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तत्काल तैयार करके भेजें। यह भी बताया गया है कि आने वाले चार महीनों में प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां